पिथौरागढ़ : यूपीएल में सीमांत के दो क्रिकेटरों का जलवा
रोहित दानू और साहिल रावत को मिली जगह

उत्तराखंड प्रीमियर लीग (यूपीएल) टी-20 सीजन-3 में सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के दो युवा क्रिकेटरों को जगह मिली है। धारचूला के ग्वालगांव निवासी रोहित दानू नैनीताल टाइगर्स और पंडा निवासी साहिल रावत ऋषिकेश रिवर किंग्स की ओर से खेलते नजर आएंगे। देहरादून में आयोजित ड्राफ्ट में दोनों खिलाड़ियों के नाम घोषित होने पर जिले के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी का माहौल है।
पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव उमेश चंद्र जोशी ने बताया कि बाएं हाथ के बल्लेबाज रोहित दानू इससे पहले वर्ष 2023-24 में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उत्तराखंड टीम के स्टैंडबाय खिलाड़ी रहे हैं। इसी दौरान उनका रणजी ट्रॉफी कैंप के लिए भी चयन हुआ। वर्ष 2024-25 में उन्होंने कर्नल सीके नायडू अंडर-23 प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया।
वहीं साहिल रावत दाएं हाथ के ऑफ स्पिनर होने के साथ मध्यक्रम में उपयोगी बल्लेबाजी भी करते हैं। उन्होंने दो वर्ष नॉर्थ जोन और अंडर-23 कैंप में हिस्सा लिया है। दोनों खिलाड़ी पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन से पंजीकृत हैं। रोहित दानू के पिता डिगर सिंह दानू और माता कमला दानू हैं। साहिल रावत के पिता चंद्र सिंह रावत व्यवसायी और माता पिंकी रावत गृहिणी हैं।
दोनों खिलाड़ियों के चयन पर क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश जोशी, उपाध्यक्ष भूपाल चुफाल, दिनेश भट्ट, प्रकाश डिगारी, आयुष जोशी, दिनेश चंद्र जोशी, दिव्यांश पंत, क्रिकेट कोच राजेंद्र सिंह, प्रशांत भैसोड़ा, एनएस बिष्ट, गौरव जोशी और अंशुल डांगी समेत अन्य पदाधिकारियों व खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दीं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







