खुलासा : मंदिर से चोरी करने के आरोपी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
कब्जे से किया बरामद चोरी का सामान

एक मंदिर का ताला तोड़कर अंदर से मूर्ति, लोटे, घंटी, आरती सहित अन्य सामान की चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस टीम ने 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया सामान बरामद कर लिया।

बीते 20 मार्च को ऊंचापुल हल्द्वानी मुखानी निवासी हेम पंत ने पुलिस तहरीर देते हुए बताया कि बीते तीन दिन पूर्व किसी अज्ञात चोर ने अमृता आश्रम के पास मंदिर का ताला तोड़कर मंदिर के अंदर से पीतल धातु की मूर्ति, तांबे के लोटे, पीतल की घंटी, पीतल की आरती, आर्टिफिशियल पौची, गले का मय्या, माइक व बैग आदि चोरी कर लिए हैं।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 305(a)/331(4) में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर विवेचना उप निरीक्षक रजनी आर्या को सौंपी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील जोशी के नेतृत्व में मामले के खुलासे के लिए एक टीम का गठन किया गया। टीम द्वारा घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया गया,
जिसमें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। संदिग्ध की तलाश के लिए लगातार सीसीटीवी चेक किए गए तथा मुखबिर तैनात किए गए। बीते दिवस मुखबिर से एक संदिग्ध व्यक्ति के काठगोदाम बाईपास रोड से चौपला चौराहा की ओर जाने की सूचना मिली। सूचना पर पुलिस टीम को बताए गए हुलिये का व्यक्ति दिखाई दिया, जिसे घेरकर पकड़ा गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम लाल सिंह, निवासी कोहली कॉलोनी विठोरिया, नैनीताल, उम्र 52 वर्ष बताया। आरोपी के पास से बरामद बैग की तलाशी लेने पर चोरी किया गया मंदिर का सामान बरामद हुआ। जिसपर अभियोग में धारा 317(2) BNS की बढ़ोत्तरी की गई और आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा। पुलिस टीम उप निरीक्षक रजनी आर्या, कांस्टेबल रोहित कुमार, धीरज सुगड़ा, व राजेश जोशी शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







