पिथौरागढ़ : शिविर में नहीं आने वाले विभागीय अधिकारियों से विधायक नाराज
सैकड़ों की सख्या में जुटी लोगों की भीड़, विधायक ने किया शुभारंभ

पिथौरागढ़ के बेरीनाग के राजकीय इंटर कालेज परिसर में सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर सैकड़ों की संख्या में लोगों की भीड़ जुटी रही। बीते दिवस शिविर का शुभारंभ स्थानीय विधायक फकीर राम टम्टा ने करते हुए कहा की सेवा पखवाड़े के तहत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है,

जिसके तहत बहुउद्देशीय शिविर और निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया गया है। शिविर में लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ विभिन्न जांच और विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा मरीजों की जांच व उचित परामर्श दी जा रही है। साथ ही विभिन्न विभागों के द्वारा स्टाल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। इस दौरान एसीएमओ प्रशांत कौशिक ने बताया कि स्वास्थ्य शिविर में दिव्यांग प्रमाण पत्र सहित वरिष्ठ डाक्टरों की टीम द्वारा आंख कान गला परीक्षण किया गया है।
शिविर के दौरान विकासखंड के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं भी दर्ज कराई। जिसमें सामाजिक कार्यकर्ता मोहित मेहरा ने थल उडियारी बैंड और कोटमन्या पांखू थल मोटर मार्ग में सड़क किनारे झाड़िया उगने से दुर्घटनायें का खतरा बना होने, जिला पंचायत सदस्य रितिक पांडे क्षेत्र में पेयजल सड़क की समस्या व अन्य शिकायतकर्ताओं ने गांव में बारिश से पेयजल लाइन, रास्ते क्षतिग्रस्त होने सहित विभिन्न समस्याओं को रखा। एसडीएम ने सम्बन्धित समस्याओं के निस्तारण को लेकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया।
इस दौरान विधायक फकीर राम टम्टा ने शिविर में नहीं आने वाले कुछ विभागीय अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश एसडीएम को दिए। शिविर में समाज कल्याण, सहकारिता सहित विभिन्न विभागों के लाभार्थियों को चैक और दिव्यांगजनों को व्हील चेयर वितरित करने के साथ ही निशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।
शिविर में ब्लड टैस्ट, ईसीजी, एक्सरे, शुगर टेस्ट, टीवी रोग परीक्षण सहित विभिन्न टैस्ट किये गये और दो दर्जन लोगों को निशुल्क कानों की मशीनें दी गई। इस दौरान हैमोपैथिक, आयुर्वैदिक विभाग के द्वारा भी विभिन्न मरीजों का परीक्षण किया गया। शिविर में पांखू, थल, पुरानाथल, चौडमन्या, गणाई गंगोली, पातालभुवनेश्वर सहित विभिन्न क्षेत्रों से खासी संख्या में लोग पहुंचे थे।
रक्तदान करने के लिए चार दर्जन लोगों ने पंजीकरण किया। इस अवसर पर ब्लाक प्रमुख संगीता, नगरपालिका अध्यक्ष हेमा पंत, जिला पंचायत सदस्य रितिक पांडे, विमला देवी, एसडीएम यशवीर सिंह, तहसीलदार वतन गुप्ता, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, जिला पंचायत राज्य अधिकारी हरीश आर्या, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा. योगेश कुमार शर्मा,
खंड विकास अधिकारी ललित मोहन गोस्वामी, एसीएमओ प्रशांत कौशिक, प्रभारी चिकित्साधिकारी डा. सिद्धार्थ पाटनी, डा. पीएस खोलिया, सर्जन डा. एलएस बोरा, डा. यशपाल मेहरा, डा. दीपक कन्याल, डा.अर्चना कौशिक, डा. स्वाती बेलाल, डा. साक्षी, खंड शिक्षा अधिकारी भूपेंद्र कुमार, दीपक नवेलिया, त्रिलोक खाती, चारू पंत, जीवन पंत, गणेश उपाध्याय सहित कई लोग मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







