पिथौरागढ़: ग्राम पंचायत सैणराथी की खुली बैठक में जनकल्याण से जुड़े अहम प्रस्ताव पारित
सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा

ग्राम पंचायत सैणराथी में ग्राम प्रधान मुकेश सिंह मेहता की अध्यक्षता में आयोजित खुली बैठक में जनहित एवं सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। बैठक में निर्णय लिया गया कि ग्राम पंचायत क्षेत्र में किसी भी परिवार में पुत्री जन्म होने पर पंचायत की ओर से ₹1,000 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाएगी,
जिससे बेटियों के सम्मान एवं उनके प्रति सकारात्मक सोच को बढ़ावा मिल सके। इसके अलावा ग्राम पंचायत क्षेत्र की बेटियों के विवाह पर संबंधित परिवार को ₹3,000 की आर्थिक सहायता देने का भी प्रस्ताव पारित किया गया। वहीं क्षेत्र के असहाय एवं निःसंतान परिवारों को ग्राम पंचायत की ओर से प्रतिवर्ष ₹1,000 की आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया गया।
ग्राम प्रधान मुकेश सिंह मेहता ने कहा कि पंचायत का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सहयोग पहुंचाना, बेटियों के सम्मान को बढ़ावा देना तथा सामाजिक सुरक्षा एवं मानवीय संवेदनाओं को सशक्त बनाना है। उन्होंने ग्रामवासियों से पंचायत के जनकल्याणकारी निर्णयों का लाभ उठाने और विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







