पिथौरागढ़ : 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का व्यापक सेवा संकल्प अभियान
बूथ स्तर पर होंगे विविध सेवा और रचनात्मक कार्यक्रम

भाजपा जिले में आगामी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक माह का व्यापक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। अभियान के तहत जिले के प्रत्येक वार्ड और बूथ स्तर पर सेवा, जनसरोकार और रचनात्मक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा। अभियान को लेकर जिला और मंडल स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
शनिवार को भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता के दौरान जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने बताया कि अभियान के तहत कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पार्टी का उद्देश्य सेवा गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच बनाना है।
अभियान के तहत आशीर्वाद की छांव, सपनों का घर, सेवा गाथा, आंगन का उत्सव, कहानी बदलाव की, विकसित भारत संकल्प यात्रा, सेवा ज्योति यात्रा, सेवा मेरा योगदान, सेवा सेतु अभियान, रंगोली राष्ट्र और राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
जिलाध्यक्ष ने बताया कि अभियान को सफल बनाने के लिए जिला और मंडल स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को अभियान से जोड़कर कार्यक्रमों को व्यापक रूप दिया जाएगा। वार्ता के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद,नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल, जिला मंत्री रघुवीर सिंह बिष्ट, जिला मीडिया प्रभारी कवींद्र शाह, भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा अध्यक्ष दीपक लोहिया, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष रोहन बिष्ट, युवा मोर्चा जिला मंत्री मनीष धर्मशक्तू, युवा मोर्चा नगर मंत्री सन्नी सिंह सहित अन्य भाजपाई मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







