PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : ‘शब्दों से संस्कृति तक’ थीम पर सजा हिंदी कार्निवल

 साहित्यिक विभूतियों के रूप में नजर आए विद्यार्थी

हिंदी भाषा, साहित्य और भारतीय संस्कृति के प्रति विद्यार्थियों में रुचि बढ़ाने के उद्देश्य से ग्रीन वैली पब्लिक स्कूल में हिंदी कार्निवल का भव्य आयोजन किया गया। इस वर्ष कार्निवल की थीम ‘शब्दों से संस्कृति तक’ रही। कार्निवल में विद्यार्थियों ने फैंसी ड्रेस, रंगोली, अंताक्षरी सहित विभिन्न रचनात्मक और साहित्यिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

 

कार्निवल का शुभारंभ मुख्य अतिथि  प्रधानाध्यापिका भारती पाठक ने किया। इससे पूर्व  विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथि का स्वागत किया गया। इसके बाद मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

 

कार्निवल के प्रथम दिन देशभक्ति गीतों और भजनों पर आधारित अंताक्षरी आयोजित की गई। इस दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति और भक्ति भाव से सराबोर नजर आया। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रवींद्रनाथ टैगोर, मीराबाई, मुंशी प्रेमचंद, महादेवी वर्मा सहित हिंदी साहित्य और भारतीय संस्कृति की विभिन्न महान विभूतियों का रूप धारण कर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं।

 

साहित्यिक विषयों पर आधारित रंगोली प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता और कल्पनाशीलता का परिचय दिया। रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से साहित्य, संस्कृति और भारतीय परंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की गई। कार्यक्रम का संचालन तन्मय भट्ट और उपासी भारती ने किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रतिभाग कर हिंदी भाषा के प्रति अपने प्रेम और प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के संस्थापक एडवोकेट मनोज कुमार जोशी ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए हिंदी भाषा और साहित्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी साहित्य और भारतीय संस्कृति से निरंतर जुड़े रहने तथा अपनी भाषा और साहित्यिक विरासत पर गर्व करने का आह्वान किया। हिंदी कार्निवल विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ हिंदी भाषा, साहित्य और भारतीय संस्कृति को करीब से समझने का एक जीवंत अवसर बना।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते