DehradunUttarakhand News

राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री ने शहीद आंदोलनकारियों को किया नमन

शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर दी श्रद्धांजलि, कहा- आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कचहरी परिसर स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर राज्य आंदोलन के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शहीदों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर पृथक राज्य निर्माण के लिए उनके संघर्ष, त्याग और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर उत्तराखंड का निर्माण ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य आंदोलन में मातृशक्ति, युवाओं, छात्रों, पूर्व सैनिकों सहित समाज के सभी वर्गों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।

 

सभी के सामूहिक संघर्ष और संकल्प से पृथक उत्तराखंड राज्य का सपना साकार हुआ। राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड अपनी स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण कर विकास की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है।

 

इन वर्षों में प्रदेश ने अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण उपलब्धियां हासिल की हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार को नई गति मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आंदोलनकारियों की भावनाओं और आकांक्षाओं के अनुरूप प्रदेश को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

 

दूरस्थ एवं पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास का लाभ पहुंचाने, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने और पलायन रोकने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस गौरवशाली संघर्ष और बलिदान को याद करने के साथ विकसित उत्तराखंड के निर्माण का संकल्प मजबूत करने का अवसर है।

 

प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और मूल पहचान को संरक्षित रखते हुए उत्तराखंड को देश के अग्रणी राज्यों में स्थापित करना सरकार का लक्ष्य है। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री खजान दास, सचिव युगल किशोर पंत, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोभाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते