पिथौरागढ़ : विकास पुस्तिका का विमोचन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
खिलाड़ियों और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को भी किया सम्मानित

उत्तराखंड राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर पिथौरागढ़ में राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष, त्याग और बलिदान को नमन किया गया। जिला मुख्यालय के रामलीला मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में राज्य आंदोलनकारियों को शॉल ओढ़ाकर और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की ओर से प्रकाशित राज्य की विकास पुस्तिका का विमोचन भी किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और सांस्कृतिक दलों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से उत्तराखंड की लोकसंस्कृति की झलक पेश की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीडीहाट विधायक बिशन सिंह चुफाल और जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इसके बाद राज्य आंदोलनकारियों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके संघर्ष और योगदान को याद किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। जनपद के उपजिला मुख्यालयों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
मुख्य अतिथि विधायक बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस उत्तराखंड के निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले आंदोलनकारियों के त्याग, तपस्या और बलिदान को याद करने का अवसर है। उनके अथक संघर्ष से ही पृथक राज्य का सपना साकार हुआ। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे जनपद के स्थानीय उत्पादों को नई पहचान और प्रोत्साहन मिल रहा है।
आदि कैलाश क्षेत्र में आयोजित अल्ट्रा मैराथन जैसी गतिविधियों से सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा मिलने के साथ वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम को भी गति मिल रही है। विशिष्ट अतिथि मेयर कल्पना देवलाल ने राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य के विकास में जनसहभागिता और स्थानीय संस्कृति के संरक्षण को महत्वपूर्ण बताया।
जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस हमें उन आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान का स्मरण कराता है, जिनके प्रयासों से उत्तराखंड राज्य का गठन संभव हुआ। उन्होंने अपनी बोली-भाषा और संस्कृति के संरक्षण, पर्यावरण की रक्षा, जल स्रोतों विशेषकर धारों-नौलों के पुनर्जीवन, पैतृक गांवों को आबाद रखने और स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
उन्होंने जनपदवासियों से राज्य के विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। समारोह में विभिन्न सरकारी और गैर-सरकारी विभागों की ओर से स्टाल लगाए गए। इनके माध्यम से आमजन को केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
जिला प्रशासन ने मनरेगा, दीनदयाल उपाध्याय कौशल विकास योजना और कृषि एवं उद्योग विभाग की एमएसएमई योजना के लाभार्थियों को सम्मानित किया। राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और क्रॉस कंट्री दौड़ के विजेताओं को भी प्रशस्ति पत्र और चेक प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष राजेंद्र रावत, ग्राम प्रधान बडालू दिवाकर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, राज्य आंदोलनकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







