टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, दमकल की तत्परता से टला बड़ा हादसा
टेंट हाउस का सामान आग की चपेट में आया, कई फायर यूनिट ने घंटों की मशक्कत के बाद पाया काबू

सैनीपुरम कॉलोनी के शेरपुर गांव स्थित राज टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। गोदाम में रखे गद्दे, कुर्सियां, टेंट और अन्य सामान आग की चपेट में आ गए। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अग्निशमन कर्मियों की तत्परता से आग आसपास के क्षेत्र में फैलने से रुक गई। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। अग्निशमन विभाग के अनुसार, 08 अक्टूबर की रात 12 बजे एमडीटी के माध्यम से गोदाम में आग लगने की सूचना मिली। इसके बाद फायर स्टेशन रुड़की से हाई प्रेशर वाहन तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।
मौके पर पहुंचने पर आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों की मांग की गई। सोनाली पुल पर ऊंचाई अवरोधक (हाइट बैरियर) होने के कारण अतिरिक्त दमकल वाहन को नगला इमरती के रास्ते करीब 22 किलोमीटर का वैकल्पिक मार्ग तय कर घटनास्थल तक पहुंचाया गया। आग की विकरालता को देखते हुए नेहरू स्टेडियम में तैनात अग्निशमन इकाई और मंगलौर फायर यूनिट से भी दमकल वाहन बुलाए गए।
अग्निशमन कर्मियों ने दो होज लाइनों से लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने का प्रयास किया। गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी। ऐसे में विभिन्न दिशाओं से पानी डालते हुए टीमों ने आपसी समन्वय और मुस्तैदी से आग पर काबू पाया और उसे आसपास के क्षेत्र में फैलने से रोका।
आग बुझाने के बाद भी अग्निशमन कर्मियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। जले हुए सामान के बीच मौजूद चिंगारियों और गर्म स्थानों को पूरी तरह ठंडा किया गया, ताकि दोबारा आग लगने की आशंका न रहे। कार्रवाई में फायर स्टेशन रुड़की से एफएसओ वंश नारायण यादव, एफएसएसओ विकास चंद्रवाल, एलएफएम राजेश कुमार, पुष्पेंद्र राणा, विपिन सैनी, चालक उदयवीर सिंह यादव, विपिन सिंह, नरेंद्र सिंह, मोहन सिंह, एफएम राजेंद्र सिंह, दिनेश चौहान, हरीश चंद्र, देवेंद्र भंडारी, कपिल सिंह और राजेंद्र सिंह गुरुंग शामिल रहे। मंगलौर फायर यूनिट से एलएफएम गयूर अली और चालक सुनील खन्ना ने भी सहयोग किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







