बुजुर्ग ने लगाई पानी में छलांग, पुलिस ने बचाई जान
तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया

पुलिस की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया। हल्द्वानी के थाना काठगोदाम क्षेत्र में गौला बैराज में कूदे एक बुजुर्ग व्यक्ति को जल पुलिस टीम ने समय रहते सकुशल रेस्क्यू कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को जल पुलिस के हेड कांस्टेबल प्रताप गड़िया को दीपक भंडारी द्वारा सूचना दी गई कि एक व्यक्ति गौला बैराज में कूद गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से रेस्क्यू अभियान चलाया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए बुजुर्ग को सुरक्षित पानी से बाहर निकाल लिया। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम मोहन चन्द्र उपाध्याय, उम्र लगभग 80 वर्ष, निवासी गंगाविहार, कुसुमखेड़ा बताया।
पुलिस द्वारा उनके परिजनों को तुरंत सूचना दी गई, जिसके बाद उनके परिजन मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि मोहन चन्द्र उपाध्याय अवसाद (डिप्रेशन) से ग्रसित हैं और उनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बुजुर्ग को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय लोगों के सहयोग से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







