पिथौरागढ़ : उद्घाटन मैच में बेरीनाग ने दर्ज की जीत
विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी का आगाज

गंगोलीहाट के दशाईथल खेल मैदान में विधायक चैंपियनशिप ट्रॉफी प्रतियोगिता का शुभारंभ हो गया। प्रतियोगिता के पहले दिन अंडर-19 वर्ग की वालीबॉल प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच भिनगड़ी और बेरीनाग के बीच खेला गया, जिसमें बेरीनाग की टीम ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता का उद्घाटन स्थानीय विधायक फकीर राम टम्टा ने किया।
उन्होंने कहा कि सरकार पंचायत स्तर पर खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी अमित भट्ट ने प्रतियोगिता के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र भी वितरित किए गए।
इससे पूर्व राजकीय कस्तूरबा आवासीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्या, ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद, कनिष्ठ प्रमुख कविता डोबाल, एसडीएम अंकित राज, खंड विकास अधिकारी प्रदीप बिष्ट, क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी दीपक भट्ट,राष्ट्रीय युवा पुरस्कार विजेता प्रदीप महरा,
खंड शिक्षा अधिकारी रमेश चंद्र मौर्या, प्रभारी निरीक्षक कैलाश जोशी, राष्ट्रीय कोच जोगेंद्र बोरा, पूर्व जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र भंडारी, ब्लॉक खेल समन्वयक अकरम अली, प्रदीप पंत और हयात भंडारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







