पिथौरागढ़ : भावना ने नॉर्थ जोन एथलेटिक्स में जीता रजत पदक
उपलब्धि पर प्रशिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने जताई खुशी

पव्वाधार निवासी भावना बिष्ट, पुत्री त्रिलोक सिंह बिष्ट ने देहरादून में आयोजित 37वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में शॉट पुट (गोला फेंक) स्पर्धा में रजत पदक जीतकर गंगोलीहाट तहसील सहित जनपद का नाम रोशन किया। बीते 14 से 16 सितंबर तक हुई प्रतियोगिता में आठ राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के करीब 900 खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया।
भावना शहीद पवन सिंह राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट में द्वितीय वर्ष की छात्रा हैं। इससे पहले भी वह राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं यूनिवर्सिटी गेम्स और स्टेट मीट में स्वर्ण पदक जीत चुकी हैं। भावना के बेहतर प्रशिक्षण के लिए समाजसेवी डीएस सुगड़ा के सहयोग से उन्हें महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून में प्रशिक्षण का अवसर मिला। इसके बाद कड़ी मेहनत और प्रशिक्षण के बल पर उन्होंने नॉर्थ जोन स्तर पर रजत पदक हासिल किया। उनकी उपलब्धि पर स्वजनों, प्रशिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







