पिथौरागढ़ : लगातार प्रताड़ना व आत्महत्या के लिये उकसाने का मामला
आरोपी पति गिरफ्तार, भेजा गया जेल

विवाह के बाद पैसों की मांग कर लगातार पत्नी को प्रताड़ित करने व आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने परिजनों द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीते माह काँडा निवासी नारायण सिंह ने कोतवाली पिथौरागढ़ में तहरीर देते हुए बताया कि उनकी पुत्री का विवाह वर्ष 2023 में राड़ीखूंटी निवासी अमित लुण्ठी के साथ हुआ था। विवाह उपरांत अमित द्वारा उनकी पुत्री को पैसों की मांग कर लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा, जिसके चलते वह मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या करने को विवश हो गई।
तहरीर के आधार पर आरोपी अमित लुण्ठी के विरुद्ध दहेज निषेध अधिनियम एवं भारतीय न्याय संहिता की प्रासंगिक धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी गोविन्द बल्लभ जोशी के पर्यवेक्षण में विवेचना की गयी।
जाँच के दौरान आरोपी अमित लुण्ठी ने अपनी पत्नी को आत्महत्या के लिए उकसाया का तथ्य प्रकाश में आया, जिसपर मुकदमे को धारा 108 बीएनएस में तरमीम किया गया। बीते दिवस विवेचक वरिष्ठ उपनिरीक्षक मदन सिंह बिष्ट द्वारा आरोपी अमित उर्फ सोनू लुण्ठी, निवासी राड़ीखूंटी, पिथौरागढ़ को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







