पिथौरागढ़ : पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों को लेकर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का आंदोलन जारी
मांग पूरी नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी

चिकित्सा एवं परिवार कल्याण विभाग के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों ने लंबे समय से लंबित पदोन्नति सहित विभिन्न मांगों का समाधान नहीं होने पर सोमवार से शुरू हुआ आंदोलन जारी है। कर्मचारियों ने बांह पर काला फीता बांधकर कार्य करते हुए सरकार और विभाग के प्रति विरोध जताया। संगठन के जिलाध्यक्ष ललित साह ने बताया कि 14 अगस्त तक कर्मचारी काला फीता बांधकर विरोध प्रदर्शन करेंगे।
16 से 18 अगस्त तक मुख्य चिकित्सा अधिकारी, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी एवं विभागाध्यक्ष के माध्यम से स्वास्थ्य मंत्री, सचिव चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा महानिदेशक को ज्ञापन प्रेषित करेंगे। 19 और 20 अगस्त को विधायकों एवं मंत्रियों के माध्यम से मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री को ज्ञापन भेजे जाएंगे। वहीं 21 और 22 अगस्त को प्रदेश के सभी जनपदों से संगठन के पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य महानिदेशालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे।
कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से मांगें लंबित होने के बावजूद अब तक कोई सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन की प्रमुख मांगों में कनिष्ठ सहायक, लैब सहायक, डार्क रूम सहायक और ओटी सहायक के पदों पर वन टाइम सेटलमेंट के तहत पदोन्नति, नर्सिंग संवर्ग की तर्ज पर मरीजों के सीधे संपर्क में रहने वाले कर्मचारियों को पौष्टिक आहार भत्ता देने तथा वाहन चालक की अर्हता रखने वाले कर्मचारियों को वाहन चालक के पद पर समायोजित करने की मांग शामिल हैं।
कर्मचारियों ने कहा कि कई चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को पदोन्नति मिले करीब 10 वर्ष हो चुके हैं, जबकि अन्य संवर्गों में पदोन्नति प्रक्रिया अपेक्षाकृत तेजी से की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में रोष व्याप्त है। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। विरोध जताने वाले कर्मचारियों में सुरेश बिष्ट, मनोज भट्ट, नीमा वर्मा, बिसना देवी, रोशन, सुरेश नाथ, सतेंद्र, देव सिंह, नंदा चंद, गिरीश चंद, कुंडल सिंह सहित कई शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







