पिथौरागढ़ : पांच सूत्रीय मांगों को लेकर डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने सौंपा ज्ञापन
संगठन ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की

10 वर्ष की सेवा पूर्ण करने पर प्रथम पदोन्नत पद का वेतनमान दिए जाने और स्वास्थ्य उपकेंद्रों के लिए पूर्व में सृजित 391 पदों को क्रियाशील करने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर गुरुवार को डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की मांग की।
एसोसिएशन के अध्यक्ष केएस अधिकारी के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि संगठन लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से कार्रवाई की मांग करता आ रहा है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से कर्मचारियों में नाराजगी है।अध्यक्ष केएस अधिकारी ने बताया कि 17 अगस्त से संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों
और महासंघ के पदाधिकारियों को मांगों के समर्थन में पत्र भेज रहे हैं। उन्होंने बताया कि आगामी एक से 15 सितंबर तक सभी सदस्य बांह पर काला फीता बांधकर विरोध दर्ज कराएंगे। इसके बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर समीक्षा बैठक कर आंदोलन के दूसरे चरण की रणनीति तय की जाएगी।
एसोसिएशन ने सरकार से पांचों मांगों पर जल्द उचित कार्रवाई करने की मांग की है। ज्ञापन सौंपने वालों में गिरीश जोशी, प्रकाश वर्मा, बिजेंद्र लुंठी, सौरभ चंद, रोहित उप्रेती, पंकज खोलिया, विक्रम नेगी, सुनील नाथ, रवि मेहता सहित विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







