पिथौरागढ़ : सैन्यकर्मियों और आश्रितों को दी विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं उच्च शिक्षा की दी जानकारी
कार्यक्रम दर्जनों सैन्य कर्मियों ने किया प्रतिभाग

उच्च शिक्षा-आपके द्वार अभियान के तहत सैन्यकर्मियों और उनके आश्रितों को विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों एवं उच्च शिक्षा के अवसरों की जानकारी देने के उद्देश्य से सैन्य क्षेत्र स्थित पंचशूल सभागार, विण में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय एवं क्षेत्रीय केंद्र पिथौरागढ़ के संयुक्त तत्वावधान में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय की प्रचार-प्रसार टीम द्वारा प्रक्षेपक के माध्यम से विश्वविद्यालय की वेबसाइट, प्रवेश प्रक्रिया, पाठ्यक्रमों तथा उपलब्ध शैक्षणिक सामग्री की जानकारी देकर की गई। अकादमिक निदेशक प्रो. पीडी पंत ने कहा कि विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों का लाभ सैन्यकर्मी और उनके आश्रित परिवारजन उठा सकते हैं।
उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय तकनीकी माध्यमों से राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस दौरान सैन्यकर्मियों को करियर में निरंतर प्रगति के लिए उच्च शिक्षा हासिल करने के लिए भी प्रेरित किया गया। वनस्पति विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डा.एसएन ओझा ने ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया, डिजिटल एवं मुद्रित अध्ययन सामग्री, परामर्श सत्र, परीक्षाओं और विज्ञान कार्यशालाओं की जानकारी दी।
उन्होंने डीईबी आईडी और एबीसी आईडी के बारे में भी बताया। भौतिक विज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डा. विशाल कुमार शर्मा ने बताया कि विश्वविद्यालय राज्य के विभिन्न सैन्य छावनी एवं रेजिमेंटों के माध्यम से सैन्यकर्मियों को उच्च शिक्षा के लिए सहयोग और तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
क्षेत्रीय केंद्र पिथौरागढ़ के सहायक क्षेत्रीय निदेशक भास्कर चंद्र जोशी ने सैन्यकर्मियों को ऑनलाइन एवं ऑफलाइन परामर्श सत्र, ई-शिक्षण सामग्री, हेलो हल्द्वानी रेडियो ऐप, यूओयू लाइव, डिजिलॉकर तथा विभिन्न कौशल विकास पाठ्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में पंचशूल ब्रिगेड के शिक्षा प्रकोष्ठ की प्रमुख लेफ्टिनेंट कर्नल उषा, सूबेदार जमात अली, संदीप कुमार सहित करीब 100 सैन्यकर्मियों ने प्रतिभाग किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







