HealthPithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : अस्पतालों में अनुशासन, समयबद्धता और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं सर्वोच्च प्राथमिकता: सीएमओ चुफाल

सीएमओ के औचक निरीक्षण में खुली लापरवाही की पोल, उपस्थिति दर्ज न करने पर नोटिस

सरकारी अस्पतालों में व्यवस्थाओं और कर्मचारियों की कार्यप्रणाली जांचने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जे.एस. चुफाल ने शनिवार को महिला अस्पताल और जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिका की जांच में कई अधिकारियों के अपनी उपस्थिति दर्ज न करने का मामला सामने आया।

 

सीएमओ ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में ऐसी अनियमितता दोबारा मिलने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।सीएमओ के अचानक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन और कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।

 

उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने के साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों की उपस्थिति की भी जांच की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में ड्यूटी के प्रति किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान सीएमओ ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली।

 

उन्होंने मरीजों को दिए जा रहे भोजन की गुणवत्ता के बारे में भी जानकारी ली और संबंधित कर्मचारियों को भोजन की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भर्ती मरीजों को चिकित्सकों द्वारा लिखी गई सभी आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं और दवाओं के लिए मरीजों को बाहर न भेजा जाए।

 

इसके बाद उन्होंने जिला अस्पताल स्थित यूआईपी स्टोर का निरीक्षण कर वैक्सीन समेत अन्य आवश्यक सामग्री की उपलब्धता और भंडार की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को दवाओं और अन्य सामग्री का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

सीएमओ ने एनसीडी सेल और मानसिक स्वास्थ्य क्लिनिक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां तैनात कर्मचारियों से कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए लंबित कार्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।डॉ. चुफाल ने कहा कि प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और गंभीरता से निर्वहन करे।

 

उन्होंने कहा कि अस्पताल में अनावश्यक रूप से खाली बैठने के बजाय मरीजों और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जाना चाहिए। सीएमओ ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। अस्पतालों में अनुशासन, समयबद्धता और मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते