पिथौरागढ़ : राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आगाज, 277 मुक्केबाज दिखा रहे दम
पहली बार चार वर्गों की राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का एक साथ आयोजन

जनपद में पहली बार चार वर्गों की राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता का एक साथ आयोजन शुरू हुआ है। श्री सुरेंद्र सिंह वल्दिया स्पोर्ट्स स्टेडियम में चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई और उत्तराखंड बॉक्सिंग संघ के महासचिव गोपाल सिंह खोलिया ने किया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से 277 मुक्केबाज प्रतिभाग कर रहे हैं।
खेल निदेशालय के सौजन्य, उत्तराखंड बॉक्सिंग संघ के समन्वय और जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल कार्यालय की ओर से आयोजित प्रतियोगिता में सब जूनियर एवं जूनियर बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले हो रहे हैं। उद्घाटन अवसर पर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने खिलाड़ियों और ऑफिशियल्स से परिचय प्राप्त किया। इसके बाद दीप प्रज्वलित कर और गुब्बारे उड़ाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया गया।
उद्घाटन मुकाबला 54-57 किलोग्राम भार वर्ग में पिथौरागढ़ के गौरव सिंह और नैनीताल के शौर्य बिष्ट के बीच हुआ। इसमें गौरव सिंह ने शौर्य बिष्ट को हराकर जीत दर्ज की। इस दौरान राउमावि विण के छात्रों ने छलिया नृत्य और द एशियन एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
सब जूनियर में मयंक, नीरज और भरत ने जीते मुकाबले
सब जूनियर बालक वर्ग के प्री-क्वार्टर मुकाबलों में 43-46 किलोग्राम भार वर्ग में स्पोर्ट्स हॉस्टल कोटद्वार के मयंक अधिकारी ने पिथौरागढ़ के योगेश प्रसाद को हराया। 46-49 किलोग्राम वर्ग में पिथौरागढ़ के नीरज चंद ने बागेश्वर के गौरव कुमार को तथा स्पोर्ट्स कॉलेज लेलू के भरत सिंह ने अल्मोड़ा के कार्मिक भंडारी को पराजित किया।
जूनियर वर्ग में इन मुक्केबाजों ने दर्ज की जीत
जूनियर बालक वर्ग के प्री-क्वार्टर मुकाबलों में बागेश्वर के हिमांशु कोरंगा, साई सेंटर पिथौरागढ़ के आशीष कन्याल, स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर के आयुष खनका, स्पोर्ट्स हॉस्टल कोटद्वार के कृष्णा, ललित सिंह बिष्ट, स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून के अंश बिष्ट, एसटीसी काशीपुर के प्रथम चंद्र और स्पोर्ट्स हॉस्टल टनकपुर के हिमांशु भंडारी ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश किया।
277 मुक्केबाज ले रहे हिस्सा
जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने बताया कि प्रतियोगिता में सब जूनियर बालक वर्ग में 92 बालक और 36 बालिका तथा जूनियर बालक वर्ग में 103 बालक और 46 बालिका मुक्केबाज प्रतिभाग कर रहे हैं। प्रतियोगिता में देहरादून, चंपावत, नैनीताल, पौड़ी, हरिद्वार, ऊधमसिंह नगर, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत विभिन्न खेल संस्थानों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
प्रतियोगिता के दौरान स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक विजेताओं के साथ चैंपियनशिप विजेता व उपविजेता टीमों को मेडल, पुरस्कार, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। खिलाड़ियों, टीम मैनेजर, कोच और ऑफिशियल्स को खेल विभाग की ओर से आवास, भोजन एवं अन्य निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में मुख्य शिक्षाधिकारी तरुण पंत, जिला युवा कल्याण अधिकारी डॉ. जगदीश नेगी, जिला सूचना अधिकारी संतोष चंद, उप क्रीड़ाधिकारी प्रताप सिंह, जिला खेल समन्वयक विक्रम सिंह दिगारी, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकिता चंद व खुशी चंद समेत खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक और ऑफिशियल्स मौजूद रहे। जिला क्रीड़ा अधिकारी अनूप बिष्ट ने अतिथियों का स्वागत कर सभी का आभार व्यक्त किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







