PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : साहसिक पर्यटन की सीमांत में अपार संभावनाएं : एसडीएम वर्मा

डेल्टा-41 चोटी से पैराग्लाइडिंग करने वाले मनीष मखौलिया का नागरिक सम्मान

लेह-लद्दाख की 5,921 मीटर ऊंची डेल्टा-41 चोटी को रिकॉर्ड समय में फतह करने के बाद वहां से पैराग्लाइडिंग कर रोड हेड तक सफल लैंडिंग करने वाले पिथौरागढ़ के धनौड़ा निवासी पैराग्लाइडर मनीष मखौलिया का जिला मुख्यालय में नागरिक अभिनंदन किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा ने कहा कि पिथौरागढ़ में साहसिक खेल और पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए प्रशासन और समाज को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। उपजिलाधिकारी ने कहा कि पिथौरागढ़ की भौगोलिक परिस्थितियां साहसिक पर्यटन के लिए बेहद अनुकूल हैं।

उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में कार्य कर रहे लोगों से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की और जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सम्मान समारोह में मनीष मखौलिया ने बताया कि 16 अगस्त को जवाहर इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनियरिंग एंड विंटर स्पोर्ट्स की टीम ने 5,921 मीटर ऊंची डेल्टा-41 चोटी को रिकॉर्ड 6 घंटे 15 मिनट में फतह किया।

सुबह करीब आठ बजे चोटी पर पहुंचने के बाद उन्होंने कर्नल हेम चंद्र के साथ पैराग्लाइडर से उड़ान भरी। करीब 29 मिनट की उड़ान के बाद 3,330 मीटर की ऊंचाई पर रोड हेड कैंप में सफल लैंडिंग की। मनीष ने कहा कि डेल्टा-41 चोटी बेहद तकनीकी और चुनौतीपूर्ण है। यहां आइस वॉल, रॉक क्लाइम्बिंग, रिवर क्रॉसिंग और क्रेवास जैसी कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने बताया कि चोटी पर सफलतापूर्वक पहुंचने के बाद वहां से पैराग्लाइडिंग कर रोड हेड तक उतरना उनके लिए विशेष उपलब्धि रही। उन्होंने युवाओं से साहसिक खेलों को अपनाने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। मनीष ने कहा कि पिथौरागढ़ में पैराग्लाइडिंग, रिवर क्रॉसिंग, राफ्टिंग और पर्वतारोहण के क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षक और प्राकृतिक संसाधन मौजूद हैं।

जिला प्रशासन और समाज संयुक्त रूप से पहल करें तो साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास किया जा सकता है। उल्लेखनीय है कि मनीष मखौलिया ने गोरखा रेजिमेंट से रॉक क्लाइम्बिंग का प्रशिक्षण लिया और वर्ष 2017 से पैराग्लाइडिंग के क्षेत्र में सक्रिय हैं। उन्होंने उत्तराखंड सहित देश की कई चुनौतीपूर्ण चोटियों से सफल पैराग्लाइडिंग की है।

वर्ष 2023 में उन्होंने प्री-वर्ल्ड कप में भी प्रतिभाग किया तथा कई राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है। इसके अलावा वह ऑल इंडिया बाइक राइड में भी प्रतिभाग कर चुके हैं। समारोह में वन क्षेत्राधिकारी दिनेश जोशी, थानाध्यक्ष जाजरदेवल प्रकाश पांडेय, लेफ्टिनेंट कर्नल मोहित बिष्ट, योगेंद्र चंद, दीपक मखौलिया, चित्रा मखौलिया,

प्रगतिशील किसान जीवन कापड़ी, काजल मखौलिया, किसान भूषण पुरस्कार प्राप्त पूर्व सूबेदार केशव दत्त मखौलिया, आईस संस्था के प्रतिनिधि अनुपम बेरी, पल्लवी, मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति की अध्यक्ष विनीता कलौनी, पूर्व सैन्य अधिकारी हरीश पांडेय, सौरभ धर्मशत्तू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मनीष मखौलिया द्वारा साहसिक पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इंट्रिसिक क्लाइंबर्स एंड एक्सप्लोरर्स (आईस), मुस्कान सामाजिक उत्थान समिति तथा वन प्रभाग पिथौरागढ़ की ओर से मनीष को अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन दोनों संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। संचालन जगदीश कलौनी ने किया।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते