पिथौरागढ़ : स्नातक स्तरीय परीक्षा निष्पक्ष व पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश
जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न, दिए आवश्यक निर्देश

पिथौरागढ़। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) द्वारा आयोजित स्नातक स्तरीय भर्ती परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा संचालन से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
इस दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि परीक्षा 14 जून रविवार को प्रातः 11 बजे से अपराह्न 01 बजे तक आयोजित होगी। जनपद में इसके लिए 23 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 6,795 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। उन्होंने सेक्टर मजिस्ट्रेटों एवं केंद्र निरीक्षकों को परीक्षा केंद्रों से अवांछित सामग्री हटाने, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के मोबाइल फोन सुरक्षित रखने की व्यवस्था करने तथा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा के लिए केंद्र परिसरों को परीक्षा दिवस पर पुनः सैनिटाइज किया जाएगा तथा सीसीटीवी निगरानी में अभ्यर्थियों की फ्रिस्किंग और बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने कहा कि परीक्षा केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी जाएगी तथा आयोग की सभी गाइडलाइन का अक्षरशः पालन किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा को पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं सुरक्षा के साथ संपन्न कराना सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
इधर भर्ती परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन के लिए 14 जून को जनपद में धारा 163 बीएनएसएस लागू रहेगी। यह आदेश सुबह 10 बजे से दोपहर 02 बजे तक प्रभावी रहेगा। उपजिलाधिकारी जितेंद्र वर्मा ने बताया कि जिले के 23 परीक्षा केंद्रों के 100 मीटर दायरे में बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश, जुलूस, सभा और अन्य गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही कोचिंग सेंटर, फोटो कॉपी, प्रिंटिंग व स्कैनिंग की दुकानें भी परीक्षा अवधि में बंद रहेंगी। प्रशासन ने आदेशों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए आमजन से सहयोग की अपील की है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







