पिथौरागढ़ : झांकी के माध्यम से श्रीकृष्ण लीलाओं की भव्य प्रस्तुति के साथ जन्माष्टमी महोत्सव आगाज
महोत्सव के शुभारंभ अवसर जुटी लोगों की भीड़, सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात

धार्मिक उल्लास व भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी के साथ तीन दिवसीय जन्माष्टमी महोत्सव का भव्य शुभारंभ हो गया। हाट कला एवं सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में गंगोलीहाट के ब्यालपाटा मैदान में आयोजित महोत्सव के पहले दिन निकली श्रीकृष्ण की आकर्षक झांकी ने सभी का मन मोह लिया। झांकी के दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में रंगा नजर आया।
महोत्सव का शुभारंभ स्थानीय विधायक फकीर राम टम्टा, नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी की वीरांगना कलावती देवी, पूर्व विधायक नारायण राम आर्य, ब्लाक प्रमुख विनोद प्रसाद, भाजपा (अजा) प्रदेश महामंत्री दर्पण कुमार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान अन्ना संगीत प्रशिक्षण केंद्र के कलाकारों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया।
महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर सुबह भगवान श्रीकृष्ण की भव्य झांकी ब्यालपाटा मैदान से निकाली गई। झांकी नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए वापस आयोजन स्थल पहुंची। भगवान श्रीकृष्ण की सुसज्जित झांकी के दर्शन के लिए नगर और आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और बच्चे पहुंचे थे।
आयोजकों ने बताया कि तीन दिवसीय महोत्सव में धार्मिक आयोजनों के साथ कुमाऊं की लोक संस्कृति और पारंपरिक कला को भी मंच दिया जा रहा है। आयोजन के दौरान मटकी फोड़, मेहंदी- ऐपण और झोड़ा-चाचरी सहित विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि स्थानीय कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ प्रतिदिन स्टार नाइट का आयोजन किया जायेगा,
जिसमें कुमाऊं के प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। महोत्सव के दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले, मिकी माउस सहित विभिन्न मनोरंजन के साधन भी लगाए गए हैं। आगामी 06 सितंबर की रात इनामी प्रतियोगिता के ड्रा निकाले जाएंगे। कार्यक्रम का संचालन नानू बिष्ट द्वारा किया गया।
महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। प्रभारी कोतवाल कैलाश जोशी के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया है। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य राहुल कुमार, पठक्यूड़ा वार्ड की सभासद उमा पांडे, मनोनीत सभासद रेनू चौधरी, रमेश बोरा, भगवान बिष्ट, दयाल कुमार, विधायक प्रतिनिधि कृष्णा बोरा, पुष्कर सिंह, दयाल नाथ, शंकर सिंह, श्यामाचरण उप्रेती, राकेश पाठक सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







