पिथौरागढ़ : लक्ष्य तय कर निरंतर आगे बढ़ने का दिया संदेश
विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मेधावियों का सम्मान

गंगोलीहाट के राबापूलावि विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में परिसर में आयोजित सम्मान समारोह में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त बैंक प्रबंधक उत्तम मिश्रा, हरीश दुर्गापाल तथा विद्यालय के प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर जोशी ने संयुक्त रूप से किया। सम्मान समारोह में हाईस्कूल वर्ग के नैतिक जोशी, विजेन्द्र रौतेला, पंकज मेहता, विनय मेहरा, साक्षी बिष्ट, काशिश और रिया नेगी को सम्मानित किया गया।
वहीं इंटरमीडिएट वर्ग में नितेश रौतेला, हिमांशु परगाई, सत्यदीप सिंह, अनुराग रौतेला, दीपिका मेहरा और सुहानी परगाई को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए राष्ट्रहित की भावना से कार्य करने की प्रेरणा दी।
प्रधानाचार्य चन्द्रशेखर जोशी ने कहा कि सफलता के लिए स्पष्ट लक्ष्य और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी प्रतिभा को पहचानकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के अंग्रेजी प्रवक्ता बहादुर सिंह बुंगला ने किया, जबकि अंत में प्रधानाचार्य ने सभी अतिथियों एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







