HealthPithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : हिमालयी की वादियों में गूंजा योग का संदेश, पंचशूल ब्रिगेड में योग सप्ताह का समापन

आईटीबीपी जवानों संग योगाभ्यास में शामिल हुए पूर्व सीएम व काबीना मंत्री

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के ऐतिहासिक वाइब्रेंट विलेज मिलम स्थित आईटीबीपी की 14वीं वाहिनी परिसर में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नंदा देवी की बर्फाच्छादित चोटियों, मिलम ग्लेशियर और गोरी गंगा के मनोहारी प्राकृतिक परिवेश के बीच आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी

 

तथा प्रभारी मंत्री एवं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने आईटीबीपी जवानों, स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मिलम की पवित्र धरती पर योग करना उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में से एक है।

 

उन्होंने कहा कि हिमालय की गोद में गोरी गंगा के तट पर और मिलम ग्लेशियर के सानिध्य में योगाभ्यास ने उन्हें अद्भुत शांति, ऊर्जा और आत्मिक संतोष का अनुभव कराया। उन्होंने योग को स्वस्थ, संतुलित और तनावमुक्त जीवन का सरल एवं प्रभावी माध्यम बताते हुए सभी से इसे दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

 

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से आज पूरी दुनिया योग दिवस मना रही है। उन्होंने योग को भारत की अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर बताते हुए कहा कि सीमांत गांवों में ऐसे आयोजनों से न केवल योग का संदेश जन-जन तक पहुंचता है, बल्कि इन क्षेत्रों की सांस्कृतिक पहचान और विकास को भी नई दिशा मिलती है। उन्होंने वाइब्रेंट विलेज योजना के माध्यम से मिलम सहित सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

 

कार्यक्रम में आईटीबीपी 14वीं वाहिनी के कमांडेंट राम भरत सिंह कुशवाहा, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष दीपिका बोहरा, नगर पंचायत अध्यक्ष राजेंद्र पांगती, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डा. चंद्रकला भैंसोड़ा, सैन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय ग्रामीण तथा बड़ी संख्या में आईटीबीपी के जवान उपस्थित रहे।

 

भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पंचशूल ब्रिगेड द्वारा आयोजित छह दिवसीय योग सप्ताह का 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भव्य समापन किया गया। 16 से 21 जून तक चले इस आयोजन की थीम स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग रही।

 

पंचशूल प्रशिक्षण क्षेत्र में आयोजित सामूहिक योग सत्र में बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पंचशूल ब्रिगेड के कमांडर ब्रिगेडियर गौतम पठानिया ने योग को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर योग प्रशिक्षकों को सम्मानित किया गया तथा योग प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ जीवनशैली और समग्र कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के संदेश के साथ हुआ।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते