पिथौरागढ़: विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
काबीना मंत्री भरत सिंह चौधरी ने विकास योजनाओं की समीक्षा

पिथौरागढ़ पहुंचे काबीना मंत्री भरत सिंह चौधरी ने जिला सभागार में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में ग्रामीण विकास, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) पशुपालन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, खादी एवं ग्रामोद्योग तथा एमएसएमई सहित
विभिन्न विभागों की योजनाओं की समीक्षा की गई। मंत्री ने विभागवार प्रगति रिपोर्ट का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा युवाओं और महिलाओं को
आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इसके लिए योजनाओं का गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सीमांत जनपद में विकास कार्यों की प्रगति संतोषजनक है और अधिकांश विभाग पूरी जिम्मेदारी एवं तत्परता के साथ कार्य कर रहे हैं। सीमांत परिस्थितियों के बावजूद प्रशासनिक अमला जनता की सेवा में समर्पित भाव से कार्य कर रहा है।
उन्होंने बताया कि एक-दो विभागों को छोड़कर किसी प्रकार की गंभीर शिकायत सामने नहीं आई है। इस दौरान काबीना मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को विकास कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने, लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने तथा दूरस्थ एवं सीमांत क्षेत्रों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए।
बैठक में अधिकारियों ने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों से अवगत कराया, जिस पर मंत्री ने आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उनके त्वरित समाधान पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।
इस अवसर पर विधायक फकीर राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष जीतेंद्र प्रसाद, नगर निगम मेयर कल्पना देवलाल, पूर्व विधायक चंद्रा पंत, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, मुख्य विकास अधिकारी डस. दीपक सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







