पिथौरागढ़: यूथ आर्मी और समाजसेवी विजय चंद्रा ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान
250 से अधिक मेधावियों को किया गया सम्मानित

अटल उत्कृष्ट श्री राजकीय महाकाली इंटर कॉलेज गंगोलीहाट के सभागार में समाजसेवी एवं अधिवक्ता विजय चंद्रा ने यूथ आर्मी के सहयोग से मेधावी सम्मान समारोह का आयोजन किया। कार्यक्रम में विकासखंड के शासकीय एवं अर्द्धशासकीय विद्यालयों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले 250 से अधिक छात्र-छात्राओं को अंगवस्त्र एवं
प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अंकित राज, हिमालय ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख विनोद प्रसाद तथा विशिष्ट अतिथियों विवेकानंद इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य चंद्रशेखर जोशी, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष संजेश मेहता, छात्रसंघ अध्यक्ष मनीषा भाटिया, छात्र महासंघ अध्यक्ष तिलक राज पाठक,
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी तारा दत्त पंत और पालिकाध्यक्ष विमल रावल ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। समारोह की अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल ने की। इस अवसर पर अधिवक्ता विजय चंद्रा एवं यूथ आर्मी की ओर से सभी अतिथियों को शॉल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने यूथ आर्मी और विजय चंद्रा की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाने के साथ उन्हें जीवन में और अधिक मेहनत कर बेहतर उपलब्धियां हासिल करने की प्रेरणा देते हैं। कार्यक्रम में यूथ आर्मी के ललित पंत, कमल कठायत, गौरव पंत, गौरव बोरा, अमित वर्मा, रवींद्र वर्मा, भरत परगाई,
अजय बोरा, किशन भाटिया, पूजा रावत, मानसी खाती, तनुजा, हिमांशु निकेत, विजय पंत, मृदुल चंद्रा सहित अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ पत्रकार किशन पाठक (पाटिल) द्वारा किया गया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







