पिथौरागढ़ : राजकीय वाहन चालक संघ के द्विवार्षिक अधिवेशन में नई कार्यकारिणी का गठन
विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा

रविवार को संघ भवन, टकाना में राजकीय वाहन चालक संघ का द्विवार्षिक अधिवेशन आयोजित किया गया। अधिवेशन में कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा के साथ ही सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।
निर्वाचन प्रक्रिया में मिनिस्ट्रियल फेडरेशन के जिलाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह लुंठी और राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के अध्यक्ष प्रदीप भट्ट ने चुनाव अधिकारी की भूमिका निभाई। नई कार्यकारिणी में जीवन चंद भट्ट को अध्यक्ष, अर्जुन सिंह को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शमशेर चंद भट्ट को उपाध्यक्ष, सुरेश चंद जोशी को महामंत्री, रमेश दत्त को संगठन मंत्री, मोहन सिंह को कोषाध्यक्ष, दीपक बिष्ट को ऑडिटर तथा लक्ष्मण सिंह को संरक्षक व संयोजक चुना गया।
वहीं ललित प्रसाद और कुंदन सिंह मेहरा को सलाहकार समिति/संरक्षक मंडल में जिम्मेदारी दी गई। अधिवेशन में चालक संवर्ग को 2800 ग्रेड पे का लाभ देने, पदोन्नति के अवसर बढ़ाने, रिक्त पदों पर भर्ती करने, चालक संवर्ग का पुनर्गठन करने तथा पुराने सरकारी वाहनों को बदलकर सुरक्षित नए वाहन उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई।
इसके अलावा राजकीय वाहनों का विभागीय बीमा, स्थानांतरण नीति में चालकों को राहत, विशेष एवं निर्वाचन ड्यूटी के लिए उचित मानदेय-भत्ते, ड्यूटी के घंटे निर्धारित करने तथा वर्दी सहित अन्य सुविधाओं में बढ़ोतरी की मांग भी की गई। वक्ताओं ने कहा कि राजकीय वाहन चालक विषम भौगोलिक परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए सरकारी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में उनकी लंबित मांगों पर शासन को संवेदनशीलता के साथ शीघ्र निर्णय लेना चाहिए।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







