पिथौरागढ़ : पीतांबर पंत निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित, खुशी की लहर
लगातार छठी बार जिला भेषज सहकारी संघ अध्यक्ष बने पंत, भाजपा ने मनाया जश्न

जिला भेषज सहकारी संघ के चुनाव में वरिष्ठ भाजपा नेता पीतांबर पंत लगातार छठी बार निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उनके निर्विरोध चुने जाने के साथ ही भेषज संघ में एक बार फिर भाजपा का परचम लहराया है। वहीं अनंत चौहान निर्विरोध उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किए गए। बुधवार को आयोजित चुनाव प्रक्रिया में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा दो बैंक प्रतिनिधियों का निर्वाचन संपन्न हुआ।
अध्यक्ष पद के लिए पीतांबर पंत ने नामांकन दाखिल किया था। उनके मुकाबले किसी अन्य उम्मीदवार द्वारा नामांकन नहीं किए जाने के कारण उन्हें निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। पीतांबर पंत के लगातार छठी बार अध्यक्ष बनने पर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने खुशी जताते हुए भेषज संघ कार्यालय में उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं और जश्न मनाया गया।
कार्यक्रम में मेयर कल्पना देवलाल ने कहा कि पीतांबर पंत के नेतृत्व में भेषज संघ ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं और भविष्य में भी संस्था विकास के नए आयाम स्थापित करेगी। भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी ने इसे संगठन की बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह जीत भाजपा की जनस्वीकृति को दर्शाती है।
वहीं दर्जा राज्य मंत्री गणेश भंडारी ने कहा कि पीतांबर पंत जैसे अनुभवी नेतृत्व में भेषज संघ और अधिक मजबूत होगा। नवनिर्वाचित अध्यक्ष पीतांबर पंत ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका लक्ष्य संघ को और सशक्त बनाना तथा जड़ी-बूटी उत्पादकों और किसानों की आर्थिक स्थिति को बेहतर बनाना है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक चंद्रा पंत, भाजपा जिला महामंत्री इंद्र सिंह लुंठी, भाजपा नेता रघुवीर सिंह बिष्ट, राकेश देवलाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष जगत सिंह खाती, हरीश रावतए नरेश जोशी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, भेषज संघ के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे। बता दें कि बीते दिवस भेषज संघ के नौ संचालक निदेशकों का चुनाव संपन्न हुआ था। चुनाव प्रक्रिया का संचालन निर्वाचन अधिकारी एवं एडीओ प्रेम राम द्वारा किया गया, जिन्होंने बुधवार को चुनाव परिणामों की औपचारिक घोषणा की।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







