पिथौरागढ़: यूजीसी के विरोध में 30 अगस्त को प्रदर्शन की तैयारी, समानता मंच ने की बैठक
लोगों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील

अखिल भारतीय समानता मंच के बैनर तले यूजीसी के फैसले को वापस लेने की मांग को लेकर 30 अगस्त को प्रस्तावित विरोध सभा की तैयारियों को लेकर संगठन की कार्यकारिणी एवं वरिष्ठ सदस्यों की बैठक आयोजित की गई। संगठन के संरक्षक शमशेर महर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में वक्ताओं ने आंदोलन को व्यापक बनाने और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर दिया।
बैठक में पूर्व प्रधानाचार्य गिरधर सिंह बिष्ट ने 30 अगस्त को रामलीला मैदान, सोरगढ़ में होने वाली विरोध सभा का समर्थन करते हुए कहा कि सामान्य वर्ग में इस मुद्दे को लेकर रोष है। वरिष्ठ अधिवक्ता एवं संगठन के विधिक सलाहकार अजय बोरा ने कहा कि सामान्य वर्ग जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहा है, जबकि सीमांत जनपद में कोई सक्रियता नजर नहीं आ रही है।
उन्होंने लोगों से एकजुट होकर आंदोलन में भाग लेने की अपील की। संगठन मंत्री भाष्करानंद ने कार्यरत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों, कर्मचारियों, अधिकारियों व्यापारियों और युवाओं को अभियान से जोड़ने पर जोर दिया। कर्मचारी नेताओं ने भी आंदोलन को सहयोग देने का आश्वासन दिया।
संगठन संरक्षक शमशेर महर ने कहा कि आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिदिन शाम पांच बजे रामलीला मैदान, सोरगढ़ में बैठक होगी, जिसमें दिनभर की गतिविधियों की समीक्षा कर अगले दिन की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में महिपाल डोभाल, प्रहलाद बिष्ट, अनिल बसेड़ा, अरुण बोहरा, लक्ष्मी दत्त जोशी, केएस भाटिया, आरडी उप्रेती, सुरेंद्र बिष्ट सहित अन्य लोगों ने विचार रखे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







