मेले को लेकर यातायात व पार्किंग प्लान जारी, इन मार्गों पर रहेगा डायवर्जन
मां बाराही देवीधुरा बग्वाल

मां बाराही देवीधुरा बग्वाल मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए चंपावत पुलिस ने सुगम यातायात, सुरक्षित आवागमन और पार्किंग व्यवस्था के लिए विस्तृत ट्रैफिक प्लान जारी किया है। मेले के दौरान देवीधुरा क्षेत्र में कई मार्गों पर वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी, जबकि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों और शटल सेवा की व्यवस्था की गई है।
पुलिस के अनुसार देवीधुरा तिराहे से मुख्य बाजार एवं मंदिर की ओर सभी वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। इसके लिए तिराहे पर बैरियर लगाया जाएगा। हल्द्वानी रोड से आने वाले श्रद्धालुओं को कनवाड़ बैंड से हनुमान मंदिर तक केवल शटल सेवा के माध्यम से आवागमन कराया जाएगा।
हल्द्वानी रोड से आने वाले वाहनों के लिए पार्किंग नंबर-1 और पार्किंग नंबर-2 निर्धारित की गई हैं। दोपहिया वाहनों को मेहरा होटल के पास स्थित पार्किंग नंबर-1 तथा आवश्यकता पड़ने पर पार्किंग नंबर-2 में खड़ा कराया जाएगा। इसी तरह खोलीखाड़ ग्राउंड से मुख्य बाजार की ओर वाहनों का आवागमन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा और ग्राउंड के पास बैरियर लगाया जाएगा।
पाटी-लोहाघाट मार्ग से आने वाले वाहनों के लिए पुलिस चौकी देवीधुरा के सामने तथा निर्धारित चौड़े स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। लोहाघाट से आने वाली टैक्सी वाहनों की सवारियों को पुलिस चौकी बैरियर के पास उतारा जाएगा, जिसके बाद टैक्सियों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर खड़ा कराया जाएगा। अति आवश्यक एवं विशिष्ट महानुभावों के वाहनों को निर्धारित परिक्रमा मार्ग से संचालित किया जाएगा तथा संस्कृत महाविद्यालय ग्राउंड में पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।
पुलिस ने बताया कि आवश्यकता पड़ने पर कनवाड़ बैंड से हल्द्वानी की ओर आने-जाने वाले वाहनों को ढोलीगांव मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं देवीधुरा कस्बे में अत्यधिक भीड़ होने की स्थिति में हल्द्वानी से पाटी, लोहाघाट, पिथौरागढ़ एवं चंपावत जाने वाले वाहनों को वालिक चेक पोस्ट से रीठाखाल–रिगलबैंड मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
इसी प्रकार रिगलबैंड से हल्द्वानी एवं नैनीताल की ओर जाने वाले वाहनों को आवश्यकता पड़ने पर रीठाखाल होते हुए वालिक चेक पोस्ट की ओर भेजा जाएगा। चंपावत पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि यातायात पुलिस के निर्देशों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही वाहन खड़े करें और मेले के दौरान यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







