PithoragarhProtestUttarakhand News

पिथौरागढ़ : न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ करेगा संघर्ष: जिलाध्यक्ष लुंठी

 मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों का जनजागरण अभियान जारी, गेट मीटिंग और जनसंपर्क

12 सूत्रीय मांगों को लेकर मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों का जनजागरण अभियान तेज हो गया है। उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विसेज एसोसिएशन के प्रांतीय आह्वान पर मंगलवार को धारचूला में गेट मीटिंग आयोजित की गई, जबकि जिला मुख्यालय में फेडरेशन पदाधिकारियों ने दर्जनों विभागों में जनसंपर्क कर कर्मचारियों को आगामी आंदोलन की रणनीति से अवगत कराया।

 

धारचूला में जिला संगठन मंत्री धीरज ओझा के नेतृत्व में हुई गेट मीटिंग में तहसील, विकासखंड और खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों ने भाग लिया। इस दौरान कर्मचारियों को फेडरेशन की 12 सूत्रीय मांगों और आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में एकजुटता जताते हुए आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प लिया।

 

गेट मीटिंग में पूरन चंद्र वैला, हरगोविंद, ईश्वर भारती, नरेंद्र सिंह बिष्ट, चंदन सिंह धामी, महेश कुमार, सूरज कुमार, अंकित मेहता, गिरीश सिंह, अमित जोशी और दीपक कुमार सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे। इधर, जिला मुख्यालय में जिलाध्यक्ष बिजेंद्र लुंठी और प्रांतीय संगठन मंत्री सौरभ चंद की अगुवाई में विभिन्न विभागों में जनसंपर्क अभियान चलाया गया।

 

पदाधिकारियों ने कर्मचारियों से मुलाकात कर संगठन की मांगों की जानकारी दी और आगामी आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में भागीदारी का आह्वान किया। फेडरेशन की प्रमुख मांगों में मिनिस्ट्रियल संवर्ग के पदों का पुनर्गठन, पदोन्नति के पर्याप्त अवसर, पृथक सेवा नियमावली लागू करना, स्थानांतरण अधिनियम में आवश्यक संशोधन, पुरानी पेंशन योजना की बहाली और गोल्डन कार्ड की विसंगतियों का समाधान सहित 12 सूत्रीय मांगें शामिल हैं।

 

जिलाध्यक्ष बिजेंद्र लुंठी ने कहा कि जनपद के विभिन्न विकासखंडों और विभागों में लगातार गेट मीटिंग और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मिनिस्ट्रियल कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों के समाधान के लिए संगठन पूरी मजबूती के साथ संघर्ष करेगा।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते