PithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़: उत्तराखंड की आध्यात्मिक विरासत विश्व को कर रही आकर्षित: राज्यपाल

श्रद्धालुओं से संवाद कर क्षेत्र के विकासए धार्मिक पर्यटन और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा

पिथौरागढ़ जनपद में अपने दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के दूसरे रोज गंगोलीहाट पहुंचे उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने रविवार को प्रसिद्ध मां हाट कालिका मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं जनपदवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

 

इस दौरान उन्होंने मंदिर समिति के पदाधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और श्रद्धालुओं से संवाद कर क्षेत्र के विकास, धार्मिक पर्यटन और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान राज्यपाल ने कहा कि मां हाट कालिका के दर्शन करना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य और आध्यात्मिक संतोष का विषय है।

 

उन्होंने अपने सेना जीवन को याद करते हुए कहा कि लगभग चार दशकों तक भारतीय सेना में सेवा के दौरान उनका कुमाऊं रेजीमेंट से गहरा जुड़ाव रहा है और ‘जय मां कालिका’ का उद्घोष हमेशा सैनिकों के मनोबल और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा का स्रोत रहा है। कहा कि मां कालिका की कृपा से भारतीय सैनिकों ने राष्ट्र की सुरक्षा, एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

 

मां के दरबार में पहुंचकर उन्हें विशेष आध्यात्मिक ऊर्जा और आत्मिक शांति का अनुभव हुआ। राज्यपाल ने मंदिर परिसर में विकसित व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण और सुव्यवस्थित विकास पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ.साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाता है।

 

उन्होंने कहा कि गंगोलीहाट स्थित मां हाट कालिका मंदिर कुमाऊं की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि पिथौरागढ़ जनपद पर्यटन और धार्मिक पर्यटन के क्षेत्र में तेजी से उभर रहा है तथा उत्तराखंड की आध्यात्मिक शक्ति, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित कर रही है।

 

राज्यपाल ने स्थानीय सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण पर बल देते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से मां हाट कालिका धाम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई जा सकती है। इस अवसर पर उन्होंने मंदिर समिति, पुजारियों और क्षेत्रवासियों के योगदान की सराहना करते हुए प्रदेशवासियों के सुख, शांति, समृद्धि और कल्याण की कामना की।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते