ActionPithoragarhUttarakhand News

पिथौरागढ़ : नगर को कचरा मुक्त बनाने की दिशा में नगर निगम की बड़ी पहल

एमआरएफ सेंटर व निर्माणाधीन कूड़ा निस्तारण केंद्र का किया निरीक्षण

नगर निगम शहर को स्वच्छ, सुंदर और कचरा मुक्त बनाने की दिशा में लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में स्वच्छता एवं ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने और उन्हें इसकी कार्यप्रणाली से अवगत कराने के उद्देश्य से महापौर कल्पना देवलाल तथा पार्षदों के लिए एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया।

 

इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने नगर में संचालित अपशिष्ट प्रबंधन केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। कार्यक्रम के तहत महापौर और पार्षदों ने ऐंचोली स्थित मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का निरीक्षण किया। सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी ने सेंटर की कार्यप्रणाली, कचरे के पृथक्करण, पुनर्चक्रण और अन्य तकनीकी प्रक्रियाओं की विस्तृत जानकारी दी।

 

इसके बाद टीम ने नैनीपातल स्थित ट्रंचिंग ग्राउंड में निर्माणाधीन कूड़ा निस्तारण केंद्र का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निगम अधिकारियों ने जनप्रतिनिधियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों और स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि पिथौरागढ़ एवं नैनीपातल क्षेत्र को स्वच्छ और कचरा मुक्त बनाने में एमआरएफ सेंटर की महत्वपूर्ण भूमिका है।

 

यहां एकत्रित कचरे का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण कर पुनर्चक्रण योग्य सामग्री को अलग किया जाता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। महापौर कल्पना देवलाल ने कहा कि निर्माणाधीन कूड़ा निस्तारण केंद्र का मुख्य उद्देश्य जैविक कचरे का प्रसंस्करण कर उससे उपयोगी उत्पाद, विशेष रूप से जैविक खाद तैयार करना है। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक एवं आरडीएफ (रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल) अपशिष्ट के पुनर्चक्रण से बढ़ती प्लास्टिक कचरे की समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव होगा। साथ ही इससे स्वच्छता अभियान को भी मजबूती मिलेगी।

 

निरीक्षण कार्यक्रम में सहायक नगर आयुक्त राजदेव जायसी, सफाई निरीक्षक शारिक अंसारी, पार्षद सुशील खत्री, सौरभ भंडारी, कमलेश जोशी, भूपेंद्र कठायत, कमलेश चंद, चंद्रशेखर जोशी, आशुवेंद्र यादव, सफाई हेड विकास कुमार सहित स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!

सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

You cannot copy content of this page
आप इस पृष्ठ की सामग्री की प्रतिलिपि नहीं बना सकते