पिथौरागढ़ : पुलिस को देखकर भागने लगा युवक, तलाशी में मिली हेरोइन
पिथौरागढ़-सुकौली रोड पर पुलिस की कार्रवाई

सीमांत जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने एक व्यक्ति को 12.80 ग्राम अवैध हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी एसओजी नीरज भाकुनी के नेतृत्व में टीम द्वारा सुकौली रोड क्षेत्र में सघन चेकिंग एवं गश्त अभियान चलाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस टीम को एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर वापस लौटने का प्रयास करने लगा। संदेह होने पर पुलिस कर्मियों ने उसे रोककर पूछताछ की तथा तलाशी ली।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 12.80 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई। पूछताछ में आरोपी की पहचान ललित सेठी, निवासी बजेठी के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध कोतवाली पिथौरागढ़ में धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस अब आरोपी से बरामद नशीले पदार्थ के स्रोत तथा तस्करी नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है तथा नशे के कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली एसओजी टीम में उपनिरीक्षक मनोज कुमार,
अपर उपनिरीक्षक दीपक खनका ,कांस्टेबल गोविन्द रौतेला, कांस्टेबल वीरेंद्र यादव व कांस्टेबल चालक सोनू कार्की शामिल थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







