पिथौरागढ़ : विभिन्न क्षेत्रों से मिली शिकायतों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
दो ढाबा संचालकों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज, एक गिरफ्तार, दूसरा मौके से फरार

पिथौरागढ़ जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में कुछ ढाबा संचालकों द्वारा अवैध रूप से शराब का कारोबार करने से क्षेत्र का माहौल खराब होने के कारण क्षेत्रवासियों व राहगीरों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

साथ ही कुछ बाइक सवारों द्वारा तेज गति, स्टंट ड्राइविंग व क्षमता से अधिक सवारी ढोने आदि मिली शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने जिले की पुलिस कर्मियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। जिसके तहत पुलिस उपाधीक्षक पिथौरागढ़ गोविन्द बल्लभ जोशी एवं पुलिस उपाधीक्षक धारचूला व डीडीहाट केएस रावत के पर्यवेक्षण में जनपद में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
अभियान के तहत कोतवाली पिथौरागढ़ क्षेत्र में टीम प्रभारी उप निरीक्षक कमलेश जोशी व टीम द्वारा चन्द्रभागा पुलिया, ऐचोली के निकट से एक आरोपी दीपक सिंह बिष्ट को गिरफ्तार कर धारा 21/60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया। उप निरीक्षक ललित डंगवाल व टीम द्वारा कुमौड़ तिराहे के निकट से आरोपी कृष्णानन्द तिवारी के ढाबे से अवैध शराब बरामद हुई, पुलिस ने बताया कि इस दौरन आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने धारा 21/60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। डीडीहाट क्षेत्र में थानाध्यक्ष हरीश सिंह कोरंगा व टीम द्वार आरोपी उमेद सिंह को शराब पीकर वाहन चलाने पर गिरफ्तार कर वाहन को सीज किया गया। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यातायात नियमों के उल्लंघन 87 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने अभियान लगातार जारी रखने की बात कही है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







