पिथौरागढ़ : 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक सम्पन्न
प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

पिथौरागढ़ के कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. दीपक सैनी की अध्यक्षता में जनपद में संचालित 25 सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों का विस्तृत आंकलन करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया गया।

समीक्षा के दौरान पर्यटन, स्वच्छता, वृक्षारोपण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, रोजगार सृजन, राजस्व वसूली तथा जनसमस्याओं के निस्तारण से संबंधित बिंदुओं पर विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इको-टूरिज्म योजनाओं के क्रियान्वयन, वृक्षारोपण की स्थिति और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
साथ ही जनपद में स्थापित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट और प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट इकाइयों के संचालन की स्थिति का भी परीक्षण किया गया। शहरी क्षेत्रों में कूड़ा पृथक्करण (सोर्स सेग्रीगेशन) और उसके प्रभावी निस्तारण को लेकर संबंधित विभागों को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा अवैध अतिक्रमण हटाने, यातायात प्रबंधन, पार्किंग व्यवस्था सुदृढ़ करने तथा पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने पर भी विशेष बल दिया गया।
रोजगार सृजन के अंतर्गत स्वरोजगार, लघु एवं मध्यम उद्योगों तथा खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों के माध्यम से किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा करते हुए योजनाओं को और गति देने के निर्देश दिए गए। वहीं निराश्रित पशुओं के संरक्षण, कैटल पाउंड संचालन और नसबंदी कार्यक्रम की प्रगति का भी आंकलन किया गया। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए सीएम हेल्पलाइन एवं अन्य शिकायत निवारण तंत्र की समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए गए।
राजस्व वादों के निपटारे में तेजी लाने तथा लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी योजनाओं में निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाए और कार्यों में पारदर्शिता व गुणवत्ता बनाए रखी जाए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसएस नबियाल, जिला विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, एसडीओ वन विभाग राजकुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी निरंजन प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







