पिथौरागढ़ : जनगणना 2027 का प्रथम चरण शुरू
डिजिटल माध्यम से होगी मकानों की गणना

जनपद पिथौरागढ़ में जनगणना 2027 के प्रथम चरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा।

यह जानकारी जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने देते हुए बताया कि निदेशक एवं मुख्य प्रमुख जनगणना अधिकारी के निर्देशों के अनुसार यह कार्य 25 अप्रैल से 24 मई 26 तक पूर्ण रूप से डिजिटल माध्यम से संपन्न किया जाएगा। इसके लिए प्रगणकों द्वारा डेटा संकलन हेतु ‘HLO application’ का उपयोग किया जाएगा।
जनगणना निदेशालय द्वारा आमजन की सुविधा के लिए स्व-गणना पोर्टल (SE Portal) भी तैयार किया गया है। यह पोर्टल 10 से 24 अप्रैल 26 तक प्रदेशवासियों के लिए उपलब्ध रहेगा, जिससे लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद अगले 30 दिनों तक प्रगणक घर-घर जाकर डेटा संकलन करेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि जिले के जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य व्यक्तियों सांसद, कैबिनेट मंत्री, मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष, विधायक, ब्लॉक प्रमुख, पार्षद एवं ग्राम प्रधान का विवरण स्व-गणना के माध्यम से दर्ज कराया जाय। साथ ही सभी चार्ज जनगणना अधिकारियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि
वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों एवं जनपद की प्रमुख हस्तियों की स्व-गणना की प्रक्रिया 24 अप्रैल तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कराएं। पूरी प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए एक विस्तृत यूजर गाइड भी जारी की गई है। कार्य पूर्ण होने के बाद निर्धारित प्रारूप में इसकी सूचना जनगणना कार्यालय पिथौरागढ़ को उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







