पिथौरागढ़ : जिलाधिकारी ने दिए संयुक्त चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश
जिला स्तरीय पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक सम्पन्न

पशुओं का परिवहन मानकों के अनुरूप हो, उन्हें ठूस-ठूसकर न भरा जाए। मुर्गी, बकरा आदि को दुपहिया वाहनों में लटकाकर अथवा बांधकर न ले जाया जाए। यह बात कहते हुए जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने संबंधित अधिकारियों को संयुक्त चेकिंग अभियान चलाए जाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय पशु क्रूरता निवारण समिति की बैठक संपन्न हो गई। बैठक में पशु क्रूरता निवारण अधिनियम एवं पशु परिवहन अधिनियम के अनुपालन को सुनिश्चित करने के लिए पशुपालन, परिवहन, उद्योग, शिक्षा आदि विभागीय अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश शर्मा ने समिति की ओर से किए जा रहे कार्यों एवं गौशालाओं की स्थिति की विस्तृत जानकारी दी।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जहां गौशालाएं हैं वहां पर पशुचिकित्सालय भी स्थापित किए जा सकते हैं तथा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के क्रम में श्वानों के लिए शेल्टर होम भी बनाए जा सकते हैं। उन्होंने जनपद में पंजीकृत गौशालाओं एवं गौशालाओं में पशुओं की संख्या का आंकलन कर, जहां वृद्धि हो रही है वहां विस्तार करने हेतु आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंजीकृत ग्राम्य गौसेवकों के बारे में जाना और नई गौशाला स्थापित करने को लेकर विस्तृत जानकारी ली। जिलाधिकारी ने स्थापित गौशालाओं से जानकारी लेते हुए कौन-कौन सी नगर पालिकाओं से उनके अनुबंध हैं और सुझाव दिए कि ज्यादा से ज्यादा नगर पालिकाएं इस तरह के अनुबंध करें और नगर क्षेत्र से घूम रहे निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में पहुंचाएं।
उन्होंने सभी विभागों को समन्वय बनाकर एक स्थायी मॉडल तैयार करने के निर्देश देते हुए सभी वरिष्ठ पशुचिकित्साधिकारियों को अपने- अपने क्षेत्र में एक माह में भूमि चयन कर आवश्यक कार्यवाहियों से संबंधित पूर्ण प्रस्ताव उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में डिप्टी पशु चिकित्साधिकारी डॉ. लाल सामंत, महाप्रबंधक उद्योग कविता भगत, जिला शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, एआरटीओ (प्रवर्तन) शिवांश काण्डपाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







