पिथौरागढ़ : डॉन बोस्को ने मल्लिकार्जुन को 31 रन से हराया
अंडर-14 स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता का आगाज

जनपद में स्कूल क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ नैनी सैनी अकादमी ग्राउंड में हुआ। पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के निर्देशन एवं दिविशा क्रिकेट अकादमी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के 15 विद्यालय विभिन्न आयु वर्गों में प्रतिभाग कर रहे हैं।

प्रतियोगिता के उद्घाटन मुकाबले में अंडर-14 बालक वर्ग में डॉन बोस्को स्कूल ने मल्लिकार्जुन स्कूल को 31 रन से पराजित कर जीत से आगाज किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए डॉन बोस्को स्कूल ने निर्धारित ओवरों में 101 रन बनाए, जिसमें कार्तिक परिहार ने 39 रनों का योगदान दिया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मल्लिकार्जुन स्कूल की पूरी टीम 70 रन पर सिमट गई।
डॉन बोस्को की ओर से यश कापड़ी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 03 विकेट झटके। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि उमेश चंद्र जोशी, सचिव पिथौरागढ़ क्रिकेट एसोसिएशन ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन अंडर-16 विजय मर्चेंट ट्रॉफी एवं अंडर-14 राज सिंह डूंगरपुर ट्रॉफी के ट्रायल्स के लिए किया जाएगा।
साथ ही सभी आयु वर्गों के विजेता, उपविजेता और उभरते खिलाड़ियों को एसोसिएशन द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। मैच में अंपायर की भूमिका सूरज चंद और हर्षित शर्मा ने निभाई, जबकि कमेंट्री महेश कुमार द्वारा की गई। इस अवसर पर दिविशा क्रिकेट अकादमी के अध्यक्ष रमेश कसनियाल, कोच राजेंद्र सिंह गुरो, दिनेश चंद्र जोशी, मनोज कुमार, दीपक सिंह वल्दिया सहित कई खेल प्रेमी उपस्थित थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







