पिथौरागढ़ : छुट्टी के बाद घर लौट रहे शिक्षक की खाई में गिरने से मौत
शिक्षकों में शोक की लहर

पिथौरागढ़ के मूनाकोट विकासखंड के राजकीय प्राथमिक विद्यालय शिलिंग्या में सहायक अध्यापक पद पर तैनात शिक्षक की विद्यालय में अवकाश के बाद घर को आते समय मार्ग में असंतुलित होकर खाई में गिरने से मौत हो गई। शिक्षक के निधन का समाचार मिलते ही शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार राजकीय प्राथमिक विद्यालय सिलिंग्या में तैनात जिला मुख्यालय के महादेव, जीआईसी क्षेत्र निवासी सहायक अध्यापक उमेश प्रकाश, उम्र- 42 आज विद्यालय की छुट्टी के बाद अपने घर को लौट रहे थे। इस दौरान अचानक मार्ग में असंतुलित होकर खाई में गिर गए। बहुत देर तक उनके सड़क पर नहीं पहुंचने पर साथ में चल रहे शिक्षकों ने खोजबीन की तो उन्हें खाई में उमेश प्रकाश का बैग दिखाई दिया। सूचना पर 108, पुलिस,राजस्व व एसडीआरएफ टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू कार्य शुरू किया।
एसडीआरएफ टीम ने खाई में उतरकर शिक्षक को मशक्कतों के बाद सड़क पर पहुंचाया और 108 के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना पर प्राथमिक शिक्षक संघ जिलाध्यक्ष जीतेंद्र वल्दिया, मूनाकोट ब्लाक अध्यक्ष कवींद्र लाल, मंत्री पुष्कर खड़ायत सहित कई शिक्षक अस्पताल पहुंच गए। सहायक अध्यापक के आकस्मिक निधन पर प्राथमिक शिक्षक संघ सहित अन्य शिक्षक संगठनों ने शोक व्यक्त किया है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







