पिथौरागढ़ : भारत-नेपाल सीमा पर मानव तस्करी रोकथाम, संयुक्त चेकिंग अभियान
स्थानीय लोगों को किया जागरूक, खोया मोबाइल किया बरामद

पिथौरागढ़ पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन में तथा क्षेत्राधिकारी केएस रावत के पर्यवेक्षण में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट कोतवाली जौलजीबी पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा पुल जौलजीबी पर मानव तस्करी की रोकथाम हेतु सघन चेकिंग अभियान चलाया।

अभियान के दौरान आमजन, विशेषकर महिलाओं और बच्चों को मानव तस्करी, महिला अपराध, बाल भिक्षावृत्ति और नशा उन्मूलन जैसे विषयों पर जागरूक किया गया। लोगों को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने के लिए प्रेरित भी किया गया। एएचटीयू प्रभारी निरीक्षक सतीश शर्मा और कोतवाली जौलजीबी प्रभारी निरीक्षक नीरज चौधरी के नेतृत्व में चली इस कार्रवाई में टीम ने जागरूकता पोस्टर और बैनर भी चस्पा किए, जिससे सीमा क्षेत्र में जनजागरूकता का संदेश दिया जा सके।
इधर गुमशुदा मोबाइल बरामदगी अभियान के तहत थाना कनालीछीना पुलिस ने एक और मोबाइल फोन उसके स्वामी को लौटा दिया। थानाध्यक्ष प्रवीन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने प्रेम सिंह पुत्र केशर सिंह निवासी सुरोन का विवो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया, जो 17 अक्टूबर को गुम हो गया था। पुलिस ने तकनीकी निगरानी के माध्यम से फोन को ट्रेस कर प्रेम सिंह को सुपुर्द किया। मोबाइल वापस पाकर प्रेम सिंह के चेहरे पर खुशी झलक उठी, इस मौके पर उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







