पिथौरागढ़ : राष्ट्रपति से स्वर्ण पदक प्राप्त कर राशि ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
गंगोलीहाट क्षेत्र में खुशी की लहर, कई लोगों ने दी शुभकामनांए

पिथौरागढ़ के नगर पालिका गंगोलीहाट के कुंजनपुर वार्ड निवासी राशि उप्रेती पुत्री सुनील उप्रेती (सहायक अध्यापक, जूनियर हाईस्कूल भामा) को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा कुमाऊं विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में अर्थशास्त्र विषय में स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। इसके साथ ही उन्हें सीताराम जिंदल फाउंडेशन की ओर से भी स्वर्ण पदक प्राप्त हुआ।

स्वर्ण पदक से सम्मानित होने पर राशि के गृह क्षेत्र में खुशी की लहर है। राशि ने प्राथमिक शिक्षा रेनेसां नर्सरी एंड स्कूल, इंटरमीडिएट जेबीएसजी इंटर कॉलेज, स्नातक शहीद पवन सिंह सुगड़ा राजकीय महाविद्यालय गंगोलीहाट से तथा स्नातकोत्तर शिक्षा डीएसबी कैंपस, नैनीताल से प्राप्त की। उनकी माता बीना उप्रेती गृहणी हैं, जबकि भाई आदित्य उप्रेती गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर से बीटेक कर रहे हैं।
आदित्य ने इंटर में 94 और हाईस्कूल में 91 फीसदी अंक प्राप्त किए थे। राशि का परिवार एक संयुक्त परिवार की मिसाल है। उनके ताऊ सतीश उप्रेती, चाचा अनिल उप्रेती, दादी रमा उप्रेती (संस्कार गीत की लेखिका) और दादा स्व. गिरीश चंद्र उप्रेती एक शिक्षक रहे हैं। राशि की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी की लहर है। उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा है।
राशि की उपलब्धि पर विधायक फकीर राम टम्टा, नगर पालिका अध्यक्ष विमल रावल, भाजपा नगर अध्यक्ष संजेश मेहता, जिला मंत्री रमेश बोरा, भाजपा प्रदेश महामंत्री दर्पण, कांग्रेस प्रदेश महामंत्री मनोज टम्टा, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जयश्री पाठक, सभासद ज्योति आर्या, हरीश दुर्गापाल, लिखित पंत, रेनेसां स्कूल के प्रधानाचार्य त्रिभुवन रावल, जेबीएसजी इंटर कॉलेज के प्रबंधक नरेंद्र रावल सहित कई लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







