पिथौरागढ़ : प्राप्त 192 शिकायतों में से 178 का मौके पर निस्तारण
जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर काण्डे में आयोजित

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में न्याय पंचायत काण्डे, विकास खंड बेरीनाग के सभागार में जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया।

राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायत राज, कृषि, उद्यान, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, आयुष, पशुपालन, खाद्य आपूर्ति, श्रम, आधार, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, पेयजल, शिक्षा सहित कई विभागों के स्टॉल लगाए गए। इस दौरान वृद्धावस्था, विधवा व दिव्यांग पेंशन, परिवार रजिस्टर, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जॉब कार्ड आदि के आवेदन भी भरवाए गए।
शिविर में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में ग्रामीणों व जनप्रतिनिधियों ने पेयजल, सड़क, विद्युत लाइन, स्मार्ट मीटर, आंगनबाड़ी व पंचायत भवन निर्माण, जंगली जानवरों के आतंक, जल जीवन मिशन के तहत नलों की गुणवत्ता जांच, खेल मैदान व संपर्क मार्गों की खराब स्थिति तथा डम्पिंग जोन से हो रही समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
जिलाधिकारी ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए। शिविर में लगभग 510 लोगों ने प्रतिभाग किया तथा 682 लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिया गया। कुल 192 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 178 का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि 14 शिकायतें संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेजी गईं।
शिविर में विधायक गंगोलीहाट फकीर राम टम्टा, दर्जा राज्य मंत्री नारायण राम आर्य, ब्लॉक प्रमुख बेरीनाग संगीता चन्याल सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। इस अवसर पर एसडीएम खुशबू पांडे, मुख्य शिक्षा अधिकारी तरुण पंत, जिला परियोजना निदेशक आशीष पुनेठा, तहसीलदार वतन गुप्ता, एसडीओ आयुष चंद, खंड विकास अधिकारी बसंत पांडे, बाल विकास परियोजना अधिकारी अवी अहमद सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने सभी से न्याय पंचायत स्तर पर आयोजित शिविरों का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने की अपील की, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें। साथ ही विभागाध्यक्षों को प्रत्येक शिविर में स्वयं उपस्थित रहकर जनसमस्याओं के समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







