पिथौरागढ़ : तनावमुक्त परीक्षा पर जोर, 1000 से अधिक विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन
आप पूछें, हम बताएं परीक्षा उत्सव कार्यक्रम

गंगोत्री गर्ब्याल राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में जिज्ञासा, आप पूछें, हम बताएं दृ परीक्षा एक उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी आशीष भटगाईं मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।

इस दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व, आत्मविश्वास और कौशल विकास का माध्यम है। उन्होंने कहा कि परीक्षा केवल ज्ञान की नहीं, बल्कि आत्मविश्वास और धैर्य की भी परीक्षा होती है। उन्होंने छात्रों से सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और नियमित अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया।
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) डीडीहाट के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले भर के राजकीय विद्यालयों से 1000 से अधिक कक्षा 10 और 12 के विद्यार्थियों ने भाग लिया और परीक्षा से जुड़ी अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया। डायट प्राचार्य भास्करानंद पांडेय ने बताया कि यह शिविर विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य, तनाव प्रबंधन और करियर मार्गदर्शन को समर्पित रहा।
एआरटीओ शिवांश कांडपाल ने अनुशासन और लक्ष्य निर्धारण पर जोर दिया, जबकि बाल मनोचिकित्सक सिद्धांत माथुर ने विद्यार्थियों को परीक्षा तनाव से निपटने, एकाग्रता बढ़ाने और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखने के टिप्स दिए। कार्यक्रम में विभिन्न शैक्षणिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। प्रधानाचार्य हंसा धामी ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और सीखने का उत्साह बढ़ा।
कार्यक्रम के समन्वयक राजेश कुमार पाठक (प्रवक्ता, डायट डीडीहाट) द्वारा सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में राजेंद्र खाती, हेमचंद्र जोशी, दिलीप कुमार, चिंतामणि जोशी, रमेश जोशी, चंद्रा पांडेय सहित विभिन्न विद्यालयों से आए मार्गदर्शक शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







