पिथौरागढ़ : 14-15 वर्ष की बालिकाओं को लगेगी एचपीवी वैक्सीन
एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ

पिथौरागढ़ में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ महिला अस्पताल सभागार में किया गया।

यहां कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय राज्यमंत्री व क्षेत्रीय सांसद अजय टम्टा, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई, दर्जा मंत्री गणेश भंडारी, मेयर कल्पना देवलाल, भाजपा जिलाध्यक्ष गिरीश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एसएस नबियाल और प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भगीरथी गर्ब्याल ने संयुक्त रूप से किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राजस्थान के अजमेर से ऑनलाइन माध्यम से अभियान का शुभारंभ किया। पहले दिन छह बालिकाओं का टीकाकरण किया गया।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अर्चना कौशिक ने बताया कि यह वैक्सीन 14-15 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं को लगाई जा रही है। टीकाकरण और मॉनिटरिंग यू- विन पोर्टल के माध्यम से की जा रही है। जनप्रतिनिधियों ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रांति से दूर रहकर अपनी बेटियों का समय पर टीकाकरण कराएं।
जिलाधिकारी ने कहा कि अभियान को सभी विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों के माध्यम से प्रभावी ढंग से संचालित किया जाएगा। कार्यक्रम में एसीएमओ डॉ. प्रशांत कौशिक, चिकित्सकों, स्वास्थ्य कर्मियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं अभिभावकों की भी सहभागिता रही। कार्यक्रम में सभी ने जनपद को सर्वाइकल कैंसर मुक्त बनाने की दिशा में अभियान सफल बनाने का संकल्प लिया।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







