पिथौरागढ़ : गैस व्यवस्था पर सख्ती, सेक्टर प्लान लागू
कालाबाजारी पर जीरो टॉलरेंस, डीएम ने जारी किए आवश्यक निर्देश

पिथौरागढ़ जनपद में गैस वितरण व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाने के लिए जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने सख्त रुख अपनाया है। बीते देर शाम आयोजित समीक्षा बैठक में गैस आपूर्ति, वितरण प्रणाली और उपभोक्ताओं को हो रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्र को सेक्टरों में विभाजित करने के निर्देश दिए हैं।

पिथौरागढ़ नगर को 08 सेक्टरों में बांटा जाएगा, जहां प्रत्येक सेक्टर में लगभग 05 वार्ड शामिल होंगे। हर सेक्टर के लिए एक सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात किया जाएगा, जो गैस वितरण की निगरानी और पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा। डीएम आशीष भटगांई ने स्पष्ट निर्देश दिए कि गैस वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, कालाबाजारी, घरेलू सिलेंडरों का वाणिज्यिक उपयोग किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और पूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि पात्र उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि गैस वितरण से जुड़ी शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए एक प्रभावी तंत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में अपर जिलाधिकारी योगेंद्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विजय कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







