पिथौरागढ़: ओल्ड लिपुलेख की चढ़ाई के दौरान मेरठ के 79 वर्षीय पूर्व नौसेना कर्मी की मौत
आदि कैलास यात्रा पर बेटे और पोते के साथ आए थे शिव राज सिंह, इस यात्रा सीजन में अब तक चार यात्रियों की गई जान

आदि कैलास यात्रा पर आए मेरठ निवासी 79 वर्षीय पूर्व नौसेना कर्मी की ओल्ड लिपुलेख दर्रे की चढ़ाई के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शिव राज सिंह निवासी खेरा, तहसील व जिला मेरठ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। इस यात्रा सीजन में अब तक चार यात्रियों की मौत हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, शिव राज सिंह अपने बेटे और पोते के साथ आदि कैलास यात्रा पर आए थे। शुक्रवार सुबह उन्होंने नाबीढांग से पुराने लिपुलेख दर्रे की चढ़ाई शुरू की। करीब दस मिनट में 50 मीटर की चढ़ाई पूरी करने के बाद उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी। असहज महसूस होने पर वह वापस लौटने लगे, लेकिन इसी दौरान अचेत होकर गिर पड़े।
परिजनों ने उन्हें तत्काल ऑक्सीजन सपोर्ट और प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उन्हें नाबीढांग स्थित सैन्य चिकित्सा कक्ष (एमआई रूम) पहुंचाया गया। वहां सैन्य चिकित्सकों ने करीब 45 मिनट तक सीपीआर देकर उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन दोपहर चिकित्साधिकारी ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
एसडीएम धारचूला आशीष जोशी ने बताया कि गुंजी थाने से यात्री की मौत की सूचना मिली है। शव को धारचूला लाया जा रहा है। पोस्टमार्टम के बाद ही मृत्यु के कारणों का पता चल पाएगा और पीएम के बाद शव को परिजनों को सौंपा जाएगा।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







