पिथौरागढ़ : रोड़ नहीं तो वोट नहीं के नारे के साथ एक दिसंबर से धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य ने ग्राम प्रधानों को साथ लेकर एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

गंगोलीहाट क्षेत्र की लंबित विकास योजनाओं और बुनियादी सुविधाओं की मांग को लेकर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। जिला पंचायत सदस्य गणाई एवं जिला पंचायत संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज सिंह बोरा के नेतृत्व में क्षेत्र के ग्राम प्रधानों सहित ग्रामीणों ने आगामी एक दिसंबर से धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
उन्होंने इस संबंध में गुरूवार को उपजिलाधिकारी गंगोलीहाट को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की है। एसडीएम को सौंपे ज्ञापन में राम मंदिर क्षेत्र में एलोपैथिक चिकित्सालय की स्थापना, बौराणी क्षेत्र में मिनी स्टेडियम का निर्माण, ग्वाल कुनबे क्षेत्र की लंबित सड़क निर्माण कार्यों को पूरा करने सहित विभिन्न विकास संबंधी मांगें शामिल हैं।
इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय से बुनियादी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं, लेकिन शासन-प्रशासन की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं। जिला पंचायत सदस्य पंकज सिंह बोरा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और ग्रामीणों को जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए अब निर्णायक संघर्ष किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यदि एक दिसंबर तक मांगों को लेकर सकारात्मक कार्रवाई नहीं हुई तो क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और ग्रामीण धरना-प्रदर्शन शुरू करने को बाध्य होंगे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि मांगों को लेकर उचित कार्रवाई नहीं होने की दशा में रोड़ नहीं तो वोट नहीं के नारे के साथ चुनाव बहिष्कार किया जायेगा।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांगों को गंभीरता से लेते हुए समस्याओं के समाधान की मांग की है। ज्ञापन में ग्राम प्रधान पूजा देवी, सुषमा देवी, रेशमा, चंदन सिंह, क्षेत्र पंचायत सदस्य सुरेंद्र सिंह सहित अन्य ग्राम प्रधान व क्षेत्र पंचायत सदस्यों के हस्ताक्षर अंकित हैं।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







