पिथौरागढ़ : सड़क हादसे के प्रभावित स्थल पर पहुंचे पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज, सड़क जल्द दुरुस्त करने के निर्देश
बीआरओ के चीफ इंजीनियर से की वार्ता, पानी के रिसाव और नाली की समस्या का स्थायी समाधान करने को कहा; सीमांत क्षेत्र में होम स्टे को बढ़ावा देने पर भी दिया जोर

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने धारचूला में सड़क हादसे से प्रभावित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कर सड़क की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के चीफ इंजीनियर से वार्ता कर सड़क सुधारीकरण का कार्य प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
साथ ही भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक तकनीकी और सुरक्षात्मक उपाय करने को कहा।निरीक्षण के दौरान बीआरओ के चीफ इंजीनियर ने मंत्री को बताया कि सड़क पर लगातार पानी का अत्यधिक रिसाव और बहाव होने से निर्माण कार्य में बाधा आ रही है।
इस पर सतपाल महाराज ने संबंधित अधिकारियों को नाली की समस्या का तत्काल समाधान करने और पानी के रिसाव को रोकने के लिए स्थायी व्यवस्था करने के निर्देश दिए।उन्होंने उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी को सड़क सुधारीकरण कार्य की नियमित निगरानी करने और संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।
मंत्री ने स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया कि सड़क को जल्द दुरुस्त कराया जाएगा और भविष्य में दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी जरूरी कदम उठाए जाएंगे। इस दौरान पर्यटन मंत्री ने सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार और स्थानीय लोगों की आजीविका मजबूत करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि होम स्टे योजना को अधिकाधिक प्रोत्साहित किया जाएगा।
होम स्टे स्थापित करने के इच्छुक स्थानीय लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और इसके लिए किसी प्रकार की सीमा निर्धारित नहीं है। मंत्री ने होम स्टे संचालकों एवं स्थानीय लोगों को गोल खाते के कारण बैंक ऋण प्राप्त करने में आ रही कठिनाइयों पर भी चिंता जताई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों और बैंकिंग संस्थानों के साथ समन्वय स्थापित कर इस समस्या का व्यावहारिक समाधान तलाशने की जरूरत बताई, ताकि सीमांत क्षेत्र के अधिक से अधिक लोग होम स्टे व्यवसाय से जुड़कर स्वरोजगार और पर्यटन विकास को बढ़ावा दे सकें।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







