पिथौरागढ़ : जौलजीबी मेले का मुख्यमंत्री ने किया शुभारंभ, पिथौरागढ़ को 102.72 करोड़ की योजनाओं की सौगात
24 योजनाओं का शिलान्यास और एक का लोकार्पण, मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को भारत-नेपाल सीमा पर काली और गोरी नदियों के संगम पर आयोजित ऐतिहासिक जौलजीबी मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने जनपद को 102.72 करोड़ रुपये की 25 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 102.48 करोड़ रुपये की 24 योजनाओं का शिलान्यास और 24 लाख रुपये की एक योजना का लोकार्पण शामिल है।
मुख्यमंत्री ने मेले के आयोजन के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जौलजीबी मेला भारत और नेपाल की साझा सांस्कृतिक विरासत, आपसी सौहार्द और व्यापारिक संबंधों का जीवंत प्रतीक है। सदियों से यह मेला दोनों देशों के लोगों को सामाजिक और सांस्कृतिक रूप से जोड़ता आ रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोकसंस्कृति, परंपराओं और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का माध्यम हैं। उन्होंने मेले से अपने बचपन के जुड़ाव का भी जिक्र किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सीमांत क्षेत्रों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन सुविधाओं के विस्तार के साथ स्थानीय युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश के सर्वांगीण विकास और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिलान्यास की गई प्रमुख योजनाओं में 23.26 करोड़ रुपये की लागत से पिथौरागढ़ में नवीन राज्य अतिथि गृह (सर्किट हाउस), 13.38 करोड़ की घाट पंपिंग पेयजल योजना, 36.10 करोड़ की खोतिला एवं घाटधार क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा योजना और 8.80 करोड़ रुपये की लागत से रामगंगा नदी पर मोटर सेतु का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा सड़क, पेयजल, शिक्षा, पर्यटन और सिंचाई से जुड़ी योजनाएं भी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने कनालीछीना विकासखंड में संपर्क मार्ग एवं हिमालय दर्शन शेड से संबंधित कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियों और स्टॉलों का निरीक्षण कर स्थानीय उत्पादों की जानकारी ली। मेले में भारत और नेपाल के व्यापारियों के साथ बड़ी संख्या में नागरिकों ने प्रतिभाग किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
कार्यक्रम को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री अजय टम्टा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र प्रसाद, विधायक बिशन सिंह चुफाल, विधायक हरीश धामी, महापौर कल्पना देवलाल, भानुप्रताप सिंह पाल, जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई, पुलिस अधीक्षक अक्षय प्रहलाद कोंडे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, संस्कृतिकर्मी और भारत-नेपाल के नागरिक मौजूद रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







