पिथौरागढ़ : मांगों को लेकर दूसरे दिन भी धरने पर डटे रहे पीआरडी जवान
सरकार की अनदेखी से जवानों में आक्रोश

365 दिन रोजगार और होमगार्ड जवानों की तर्ज पर मूल वेतन के साथ महंगाई भत्ता (डीए) देने की मांग को लेकर पीआरडी जवानों का आंदोलन बुधवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रांतीय रक्षक दल संगठन के आह्वान पर टकाना रामलीला मैदान में जवानों ने धरना-प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
जवानों ने मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। संगठन ने कहा कि पीआरडी जवान लंबे समय से अपनी दो सूत्रीय मांगों को लेकर शासन-प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। सरकार की अनदेखी से जवानों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
मांगों को लेकर 17 और 18 नवंबर को दो दिवसीय कार्यबहिष्कार का निर्णय लिया गया है। जिसके तहत जवान अपने-अपने कार्यस्थलों पर कार्यबहिष्कार कर रहे हैं। संगठन ने शासन-प्रशासन से दोनों मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है। धरना-प्रदर्शन में पंकज गोस्वामी, दिनेश भट्ट, नकुल बिष्ट, दीपक भट्ट, धीरज, रघुवर सिंह, रवींद्र बिष्ट, धीरेंद्र जोशी, प्रवीण जोशी, ललित प्रसाद कापड़ी, मुरलीधर चौंसाली, विनोद कुमार, नरेश कुमार, शंकर खड़ायत सहित दर्जनों पीआरडी जवान मौजूद रहे।
हमसे जुड़ें और अपडेट्स पाएं!
सबसे नए समाचार और अपडेट्स पाने के लिए जुड़े रहें।







